
सांकेतिक AI इमेज
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मौसम परिवर्तन (Weather change in Uttarakhand) का दौर जारी है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट (Rain and snowfall alert) जारी किया है। इस दौरान तेज हवा भी चलेगी। बीते दिन उत्तराखंड के 7 जिलों में बारिश हुई है। बारिश के बाद मैदानी इलाकों में मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
उत्तराखंड में 13 मई तक पर्वतीय जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 9 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गर्जना के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों के अलावा राज्य के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा।
10 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना है। इन जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य सभी जनपदों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 11 से 13 मई के बीच उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
पर्वतीय जिलों में हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है। बारिश और ओलावृष्टि के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में सर्दी महसूस हो रही है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और आसपास के इलाकों में सर्दियों की तरह मौसम हो रहा है।
केदारनाथ धाम में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मैदानी जिलों में बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। रात के समय न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से ठंड का एहसास हो रहा है।
उत्तराखंड में गुरुवार को 7 जिलों में बारिश हुई है। इनमें अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग शामिल है। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर, जसपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर और किच्छा में बारिश हुई। नैनीताल के रामनगर, पीरुमदारा, प्रतापपुर, ढीकुली और बैलपड़ाव में बारिश दर्ज की गई।
Updated on:
08 May 2026 06:39 pm
Published on:
08 May 2026 06:39 pm
