Building Census 2026 : जनगणना निदेशालय की ओर से जल्द ही भवन गणना शुरू की जाएगी। इसके लिए प्रारूप में 33 सवाल रखे गए हैं, जिनका जवाब आपको देना होगा। इसमें ये सवाल भी होंगे कि आपके घर की दीवार ईंट की है या पत्थर की, फर्श पर टाइल्स बिछे है या सीमेंट।
Building Census 2026 : प्रदेश में जल्द ही भवन गणना शुरू होने जा रहा है। बकायदा इसके लिए 25 अप्रैल से 24 मई तक का समय भी निर्धारित हो चुका है। भवन गणना प्रारूप में 33 सवाल रखे गए हैं। इनमें आपके घर की दीवार ईंट से बनी है या पत्थर से? फर्श पर टाइल्स बिछी हैं या सीमेंट? भवन गणना के दौरान इस बार आपकी दहलीज पर इस तरह के कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे। निदेशालय की ओर से भवन गणना के दौरान पूछे जाने वाले सवालों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रारूप में मकान से लेकर वाहन, फोन और अन्य सुविधाओं से जुड़े कई सवाल शामिल किए गए हैं। इधर, अब गणना का प्रशिक्षण भी शुरू हो गया है। राज्य में भवन गणना का नोटिफिकेशन होने वाला है। इससे पहले नौ अप्रैल से 24 अप्रैल तक जनगणना पोर्टल पर लोग अपनी जानकारी खुद भी भर सकते हैं। इधर, जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, भवन गणना के दौरान आम लोगों के लिए कुल 33 सवालों की सूची तैयार की गई है। सभी लोगों से यह जानकारी मांग कर फॉर्मेट पर दर्ज की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक परिवार का मोबाइल नंबर भी लिया जाएगा और उसका उपयोग सिर्फ जनगणना के लिए ही होगा।
उत्तराखंड में भवन गणना में डिजिटल इंडिया की प्रगति भी जांची जाएगी। पूछा जाएगा कि आप आज भी रेडियो सुनते हैं या टेलीविजन देखते हैं। जेब में सामान्य फोन है या स्मार्टफोन? घर पर लैपटॉप, कंप्यूटर और स्मार्टफोन की जानकारी के साथ ही इंटरनेट के लिए उपयोग में लाई जाने वाली डिवाइस की भी जानकारी ली जाएगी।
भवन गणना के दौरान मकान को लेकर दीवार, छत, फर्श में प्रयुक्त सामग्री के साथ मकान कच्चा है या पक्का, यह भी बताना होगा। साथ ही परिवार के सदस्यों और विवाहित जोड़ों को लेकर अलग से पूछा जाएगा। इस दौरान घर के मुखिया का नाम, उसकी जाति और परिवार में रहने वाले कुल सदस्यों की संख्या बतानी होगी। भवन गणना के दौरान वाहन को लेकर भी पूछा जाएगा। इसमें बताना होगा कि आपके पास कोई वाहन है या नहीं। साइकिल, स्कूटर, कार या जीप जैसा कोई वाहन है तो उसकी जानकारी उपलब्ध करानी होगी। साथ ही पीने के पानी का स्रोत, रोशनी के लिए बिजली और चूल्हे के ईंधन के बारे में भी बताना होगा।