देहरादून

उत्तराखंड में जल्द होगा कैबिनेट विस्तार, पांच खाली पदों पर फैसला जल्द, इन नेताओं के नाम चर्चा में

उत्तराखंड में जल्द ही कैबिनेट विस्तार हो सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसके संकेत दिए हैं।

2 min read
Aug 25, 2025
CM Dhami (Image: IANS)

उत्तराखंड मंत्रिमंडल में लंबे समय से खाली चल रहे पदों को भरने की कवायद अब अंतिम चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। फिलहाल, धामी कैबिनेट में पांच पद रिक्त हैं। इनमें से चार सीटें लंबे समय से खाली थीं, जबकि एक पद पूर्व संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुआ है।

कैबिनेट विस्तार पर सियासी हलचल तेज

भाजपा विधायकों और कार्यकर्ताओं की नजर अब कैबिनेट विस्तार पर टिकी हुई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान शीर्ष नेतृत्व से इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की है। माना जा रहा है कि हरी झंडी मिलते ही मंत्रिमंडल विस्तार पर फैसला हो जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संकेत दिए कि कैबिनेट विस्तार को लेकर बातचीत चल रही है और रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा। उन्होंने कहा, “धामी कैबिनेट में खाली पदों को भरने के लिए लंबे समय से कवायद जारी थी। अब इस पर जल्द निर्णय होगा।”

इन नामों की चर्चा

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जिन विधायकों के नाम पर सबसे ज्यादा चर्चा है उनमें खजानदास, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, विनोद कंडारी, भरत चौधरी, बंशीधर भगत और राम सिंह कैड़ा शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन नामों पर गंभीरता से मंथन किया जा रहा है और जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

धामी से मिले कई विधायक

धामी कैबिनेट के विस्तार की चर्चाओं के बीच भाजपा के कई विधायकों ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मिलने वाले भाजपा विधायकों में गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह माहरा तथा दायित्वधारी कैलाश पंत और रजनी रावत शामिल रहे। मुख्यमंत्री से देर शाम हुई विधायकों की इस मीटिंग को अहम माना जा रहा है।

Updated on:
25 Aug 2025 02:20 pm
Published on:
25 Aug 2025 01:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर