देहरादून

जेल तोड़कर भागा खूंखार कैदी, हत्या और रेप के मामले में काट रहा था उम्र कैद, ऐसे चढ़ा हत्थे

Crime News: हत्या और रेप के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा एक खूंखार कैदी जेल से फरार हो गया। जेल तोड़कर कैदी के भागने की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि पांच घंटे के भीतर ही कैदी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
2 min read
Oct 22, 2025
Police arrested a prisoner who had escaped from Sitarganj jail
सेंट्रल जेल सितारगंज

Crime News: हत्या और रेप के मामले का दोषी एक कैदी उत्तराखंड के सितारंगज की सेंट्रल जेल से फरार हो गया। 40 वर्षीय कैदी पवन सैनी पुत्र तीरथ सिंह निवासी फतेहपुर रेहड़, बिजनौर यूपी सम्पूर्णानंद खुली जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा था। मंगलवार तड़के गिनती के दौरान पवन अनुपस्थित पाया गया। उसकी झोपड़ी भी खाली थी। जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेल परिसर व आसपास के जंगलों में कॉम्बिंग शुरू की। यूएस नगर और नैनीताल जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी नाकेबंदी की गई। आखिरकार सुबह करीब 10:45 बजे लालरखास से करीब एक किमी दूर फरार कैदी को जेल पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। कोतवाली के एसएसआई विक्रम सिंह धामी के मुताबिक फरार कैदी के पकड़े जाने पर सर्च अभियान समाप्त कर दिया गया है। खुली जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अनुराग मलिक ने बताया कि दोषसिद्ध कैदी को पकड़ लिया गया है उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। इधर, जेल तोड़कर कैदी के भागने की घटना से हड़कंप भी मचा हुआ है।

किशोरी की हत्या की काट रहा सजा

जेल तोड़कर उम्र कैदी के भागने की घटना से हर कोई हैरान है। पवन सैनी को साल 2013 में किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। 13 अप्रैल 2013 को पवन एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ज्वालावन, रामनगर ले गया, जहां दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी। मृतका के पिता की तहरीर पर पवन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, धारा 376 और 302 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। दो वर्ष बाद न्यायालय ने उसे दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। उसे साल 2017 में सेंट्रल जेल सितारगंज में स्थानांतरित किया गया था।

Updated on:
22 Oct 2025 09:00 am
Published on:
22 Oct 2025 08:55 am