देहरादून

धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर हल्द्वानी में शक्ति प्रदर्शन, राजनाथ सिंह बोले-भारत की बात अब दुनिया सुनती है

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार, 21 मार्च को हल्द्वानी जिले के एक दिवसीय दौरे पर हैं। उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यह ऋषि-मुनियों की तपोस्थली रही है और यहां राजनाथ सिंह जैसे नेता का आना गर्व की बात है।

2 min read
Mar 21, 2026
हल्द्वानी पहुंचने पर रक्षा मंत्री का स्वागत करते सीएम धामी।

देवभूमि उत्तराखंड की धरती पर शनिवार को सियासी और सैन्य गरिमा का खास संगम देखने को मिला, जब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एक दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे। पंतनगर एयरपोर्ट पर खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया। उन्होंने बुके देकर अभिनंदन किया और इस खास पल की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी शेयर की।

धामी ने राजनाथ सिंह के दौरे को बताया गर्व का पल

सीएम धामी ने सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन को गर्व की बात बताया। सीएम धामी ने लिखा, "आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत अनेक ऋषि-मुनियों की तपोस्थली देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर भारतीय सशस्त्र सेनाओं को आधुनिक सुदृढ़ता प्रदान करने वाले, मां भारती के उपासक एवं हम सभी के प्रेरणास्रोत केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पंतनगर एयरपोर्ट पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।"

'उत्तराखंड की वीरभूमि को नमन'

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने भाषण की शुरुआत उत्तराखंड की वीरता और देशभक्ति से ओत-प्रोत धरती को नमन कर की। इसके बाद उन्होंने मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य नेताओं का अभिवादन किया। सभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धरती शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की पहचान है और देश की सेवा में यहां के लोगों का योगदान हमेशा अग्रणी रहा है। इस पावन भूमि को उन्होंने राष्ट्र की शक्ति का प्रतीक बताते हुए इसके प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया।

हर कण में बसती है आध्यात्मिक ऊर्जा: राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि यह धरती आस्था, अध्यात्म और संस्कृति की जीवंत प्रतीक है, जहां का कण-कण देश की आध्यात्मिक चेतना को नई ऊर्जा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि सदियों से उत्तराखंड ऋषि-मुनियों की तपोस्थली रहा है और पूरे भारत में यदि किसी स्थान को तपोभूमि के रूप में पहचाना जाता है, तो वह उत्तराखंड ही है।

'वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत'

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान दुनिया में काफी बढ़ा है। उन्होंने बताया कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है, जबकि पहले ऐसा नहीं था। उनके मुताबिक, मोदी सरकार के दौर में भारत की छवि मजबूत हुई है और वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका पहले से ज्यादा प्रभावशाली बनी है।

इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि भारत हमेशा से शांति और संतुलन की नीति पर चलता आया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दुनिया की बड़ी समस्याओं का हल युद्ध नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति से ही निकल सकता है। उन्होंने कहा कि आज कई देशों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान केवल बातचीत और आपसी समझ से ही संभव है।

चार साल में विकास की रफ्तार तेज

उत्तराखंड में धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 23 मार्च 2022 को उत्तराखंड की कमान संभाली थी। तब से राज्य में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ, पर्यटन को नई पहचान मिली और स्वरोजगार के अवसर बढ़े, जिससे प्रदेश ने प्रगति के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

Updated on:
21 Mar 2026 02:41 pm
Published on:
21 Mar 2026 02:25 pm
Also Read
View All

अगली खबर