देहरादून

भाजपा विधायक की गिरफ्तारी पर अड़े कर्मचारी संगठन, सीएम और मुख्य सचिव से वार्ता बेनतीजा

Demand For Arrest Of MLA : बेसिक शिक्षा निदेशक से मारपीट का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। आंदोलनरत कर्मचारी संगठन आरोपी भाजपा विधायक और उनके साथियों की गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं। सीएम और मुख्य सचिव की वार्ता के बाद भी आंदालनकारी नहीं माने। उन्होंने गिरफ्तारियां नहीं होने पर 25 फरवरी से प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है।

2 min read
Feb 24, 2026
कर्मचारियों ने सोमवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की

Demand For Arrest Of MLA : बेसिक शिक्षा निदेशक से मारपीट का प्रकरण लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बता दें कि शनिवार को रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने तमाम समर्थकों के साथ शिक्षा निदेशालय में घुस गए थे। इसी दौरान उन्होंने भीड़ के साथ बेसिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल से मारपीट करते हुए दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ मचाई थी। इस घटना से शिक्षक-कर्मचारी संगठनों में आक्रोश का माहौल है। विधायक के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। कर्मचारी संगठन संयुक्त मोर्चे का गठन कर दो दिनी हड़ताल पर हैं। आज इसे लेकर एक बैठक बुलाई गई है। मोर्च ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 25 फरवरी से प्रदेश भर में कार्यबहिष्कार की चेतावनी दी है। प्रकरण को लेकर शिक्षा विभाग में निदेशक स्तर से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तक ने सोमवार को कार्य बहिष्कार कर निदेशालय में धरना दिया। धरनास्थल पर सभा में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मामले के मुख्य आरोपी विधायक हैं और उनकी गिरफ्तारी हर हाल में होनी चाहिए। इससे इतर किसी बात पर समझौता नहीं किया जाएगा। संयुक्त मोर्चा प्रतिनिधिमंडल ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ हुई वार्ता का ब्योरा सार्वजनिक किया। वक्ताओं ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने सीएम के समक्ष विधायक समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, विधायक के अधिकारी-कर्मचारियों के बीच आकर सार्वजनिक माफी मांगने और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सख्त एसओपी बनाने की मांग रखी। इसके अलावा मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन से वार्ता भी बेनतीजा निकली।

संगठनों ने किया प्रदर्शन

बेसिक शिक्षा निदेशक से मारपीट के मामले से संगठनों में आक्रोश है। लैंसडौन चौक पर विभिन्न आंदोलनकारी संगठनों ने सोमवार को रायपुर विधायक का पुतला फूंका और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्वाभिमान मोर्चा के रायपुर प्रभारी अनिल डोभाल ने कहा कि निदेशक से मारपीट मामले में दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मूल निवास भू-कानून संघर्ष समिति के संयोजक लूशून टोडरिया ने कहा कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो डीजीपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इधर,  युवा कांग्रेस ने बेसिक शिक्षा निदेशक पर हमले के मामले में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की गिरफ्तारी की मांग की। इस मांग को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रायपुर थाने का घेराव किया।

कार्यालयों की सुरक्षा के लिए बनेगी एसओपी

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने मुख्य सचिव को इसकी एसओपी बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार सुबह सीएम आवास पर मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 21 फरवरी को बेसिक शिक्षा निदेशालय में हुई हिंसक घटना पर कर्मचारियों का पक्ष रखा। विधायक समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा के सख्त इंतजाम करने की मांग रखी। कहा कि सरकारी कार्यस्थलों पर भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

Published on:
24 Feb 2026 07:57 am
Also Read
View All

अगली खबर