12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली-देहरादून का सफर 2 घंटे 20 मिनट में होगा पूरा, नए एक्सप्रेसवे पर नियम भी सख्ती से होंगे लागू

Delhi-Dehradun Expressway : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर वाहन 14 अप्रैल से फर्राटे भरने लगेंगे। दोनों शहरों की दूरी अब घंटों के बजाय मिनटों में मापी जाएगी। इस एक्सप्रेसवे पर एक प्राइवेट कार 2 घंटे 20 मिनट में दिल्ली-देहरादून का फासला तय कर लेगी। एनएचएआई ने वाहनों की स्पीड सहित सभी मानक तय कर लिए हैं।

2 min read
Google source verification
After the expressway is operational, the Delhi-Dehradun journey will be completed in 2 hours and 20 minutes

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे

Delhi-Dehradun Expressway : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 14 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। ये एक्सप्रेसवे यूपी, दिल्ली, उत्तराखंड और एनसीआर के लिए मील का पत्थर साबित होने वाला है। इस सफर में गाड़ी का प्रकार यह तय करेगा कि आप कितनी जल्दी अपनी मंजिल तक पहुंचेंगे। एक्सप्रेस-वे पर प्राइवेट और कॉमर्शियल वाहनों के बीच यात्रा के समय में स्पष्ट अंतर रहेगा। नियमों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर प्राइवेट कारों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। वहीं, कॉमर्शियल कारों में स्पीड गवर्नर लगे होने के कारण वे 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ज्यादा नहीं दौड़ सकतीं। ऐसे में स्वाभाविक है कि कॉमर्शियल कारों से पहले प्राइवेट कारें दिल्ली पहुंचेंगी। एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए भारी वाहनों की अधिकतम गति सीमा 80 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। सड़क मानकों के अनुसार, भारी वाहनों को अनिवार्य रूप से सबसे बाईं ओर यानी लेन-3 में चलना होगा।

40 मिनट पहले पहुंचेगी प्राइवेट कार

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दिल्ली और एनसीआर के पयर्टकों की देहरादून में भीड़ उमड़ने की संभावना है। इस एक्सप्रेसवे पर यदि एक प्राइवेट कार औसत 90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलती है, तो वह देहरादून से दिल्ली तक का 210 किलोमीटर का सफर मात्र 2 घंटे 20 मिनट में पूरा कर लेगी। इसके विपरीत, यदि कोई कॉमर्शियल कार 70 किमी प्रति घंटा की औसत रफ्तार से चलती है, तो उसे दिल्ली पहुंचने में पूरे 3 घंटे लगेंगे। यानी, एक प्राइवेट कार कॉमर्शियल वाहन की तुलना में करीब 40 मिनट पहले दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर जाएगी।

नियमों में होगी सख्ती

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर यातायात नियमों में सख्ती रहेगी। कॉमर्शियल वाहनों पर गति की पाबंदी सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्पीड गवर्नर एक सुरक्षा कवच की तरह है। प्राइवेट कारों को थोड़ी अधिक छूट जरूर दी गई है, लेकिन वहां भी 100 किमी/घंटा की रफ्तार पार करते ही ऑटोमैटिक चालान का प्रावधान है।

14 को लच्छीवाला टोल रहेगा निशुल्क

14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा टोल मुक्त रहेगा और मोहंड के समीप आशा रोड़ी बैरियर भी खुला रहेगा। पीएम नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए यह निर्णय लिया है। इस अवधि में फास्ट टैग से भी किसी प्रकार का कोई टोल नहीं वसूला जाएगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और गढ़ी कैंट परिसर में होने वाली पीएम मोदी की रैली को देखते हुए ये निर्णय लिया गया है। रैली में लोगों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।