10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मौसम दिखाएगा विचित्र रूप : 9°C चढ़ेगा पारा, बारिश मचाएगी आफत,  उत्तराखंड में नया विक्षोभ होगा सक्रिय

Weather Forecast : मौसम विचित्र रूप दिखा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार-पांच दिन के भीतर प्रदेश में 9 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से फिर से बारिश आफत मचा सकती है।

2 min read
Google source verification
The weather in Uttarakhand will show a strange form

उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम विचित्र रूप दिखाएगा

Weather Forecast : मौसम का अलग खेल दिखा रहा है। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। बारिश का दौर गुरुवार शाम से थम गया था। लेकिन ठंड में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। आज सुबह कई पर्वतीय इलाकों में खेत सफेद पाले की चादर से ढके हुए थे। अमूमन पहाड़ में मार्च पहले सप्ताह के बाद से सफेद पाला गिरना बंद हो जाता था। बारिश-बर्फबारी के कारण समूचे राज्य में ठंड दोबारा शुरू हो गई है। लोग जैकेट और अन्य गर्म कपड़े पहनने को विवश हो रहे हैं। आज चटख धूप भी बेअसर नजर आ रही है। आईएमडी के अनुसार 11 और 12 अप्रैल को राज्य के रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 3800 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। आईएमडी के मुताबिक समूचे उत्तराखंड में 13 और 14 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा। उसके बाद 15 अप्रैल को फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते राज्य के पांच पर्वतीय जिलों में 15 और 16 अप्रैल को बारिश के आसार बन रहे हैं।

तापमान में आएगा उछाल

मौसम के विचित्र तेवर दिख वैज्ञानिक भी हैरान हैं। उत्तराखंड में पर्वतीय इलाकों में अप्रैल में हुई बर्फबारी कई संकेत दे गई है। बारिश-बर्फबारी के कारण बुधवार को राज्य में अधिकतम तापमान में 17 डिग्री तक की भी गिरावट दर्ज की गई थी। इधर, मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 4-5 दिनों के भीतर उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में सात से नौ डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है। इस दरमियान मैदानी जिलों में भी तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सिय की बढ़ोत्तरी के आसार हैं।

केदारनाथ में ग्लेसियर टूटने से आवाजाही बंद

केदारनाथ धाम में आज लिनचोली के पास अचानक थारू ग्लेशियर टूटने से भारी मात्रा में बर्फ और मलबा मार्ग पर आ गया, जिससे करीब सौ मीटर पैदल रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते इस मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है। सूचना मिलते ही आज जिला आपदा प्रबंधन की टीम को तत्काल मौके पर रवाना कर दिया गया। बर्फ और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन जल्द से जल्द रास्ता सुचारू कराने की कोशिश कर रहा है। बता दें कि इस साल केदारनाथ धाम की यात्रा 22 अप्रैल से शुरू होनी है। चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को ही हो जाएगा। खराब मौसम ने यात्रा की तैयारियों को काफी हद तक प्रभावित किया है।