Controversial Statement : कैबिनेट मंत्री के पति की ओर से लड़कियों को लेकर दिए गए विवादित बयान से हंगामा मचा हुआ है। एक ओर यहां पर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर आक्रोश का माहौल है, वहीं दूसरी ओर मंत्री के पति के बयान ने भाजपा को और भी असहज कर दिया है।
Controversial Statement : कैबिनेट मंत्री के पति के बयान से राज्यभर में हंगामा मचा हुआ है। ये वीडियो बीते 23 दिसंबर को उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के स्याही देवी भाजपा मंडल का बताया जा रहा है। यहां पर मंडल की बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू मौजूद थे। वीडियो में साहू कुछ युवाओं से संवाद करते नजर आ रहे हैं। साहू उन युवकों से ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि तुमने अब तक शादी क्यों नहीं की। हमारे वक्त में तो आपकी उम्र के लोगों के तीन-चार बच्चे होते थे। खैर कोई बात नहीं अब हम तुम्हारी शादी कराएंगे। वीडियो में साहू कहते सुनाई दे रहे हैं कि बिहार में शादी के लिए लड़कियां 20 से 25 हजार रुपये में आसानी से मिल जाती हैं। किसी ने उस संवाद का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने से पूरे राज्य में हंगामा मचा हुआ है।
लड़कियों को लेकर कैबिनेट मंत्री के पति के बयान से पूरे उत्तराखंड में हंगामा मचा हुआ है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने मंत्री पति की इस टिप्पणी पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे लेकर भाजपा को सवालों के घेरे में खड़ा किया है। इसे लेकर सोमेश्वर विस के कांग्रेस अध्यक्ष भुवन दोसाद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने चौराहे पर गिरधारी लाल साहू और मंत्री का पुतला दहन करने का ऐलान किया है। उन्होंने इसे महिला विरोधी मानसिकता करार दिया है।
लड़कियों को लेकर दिए विवादित बयानों से घिरे गिरधारी लाल साहू पूरी तरह बैकफुट पर हैं। साहू ने इसे लेकर सोशल मीडिया में बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि स्याही देवी मंडल में माताओं, बहनों और बुजुर्गों का स्वागत समारोह था। कहा कि वह बरेली में हर साल 101 बेटियों की शादी कराते हैं। सोमेश्वर की सभी बहनें उन्हें रक्षा बंधन पर राखी बांधती हैं। उन्होंने कहा कि विरोधी पार्टियों के पास कोई काम नहीं बचा है। वह मेरे संबोधन को तोड़-मरोड़ कर लाभ उठाना चाहते हैं, जिसे जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने कहा कि फिर भी यदि किसी को उनके वक्तव्य से ठेस पहुंची है तो वह हाथ जोड़कर क्षमा मांगते हैं।