
Robbery in Haldwani: हल्द्वानी में बुधवार देर रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में 10 से 12 हथियारबंद बदमाश खुद को पुलिस की SOG टीम बताकर एक कमर्शियल ऑफिस में घुस गए। उस समय ऑफिस में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे और जुआ खेल रहे थे। बदमाशों ने तमंचे के बल पर करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठियां समेत 12 मोबाइल फोन लूट लिए और फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात एक कार गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित कमर्शियल ऑफिस के बाहर आकर रुकी। कार से 8 से 10 बदमाश उतरे और सीधे ऑफिस के अंदर घुस गए। अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए। उन्होंने खुद को पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम का सदस्य बताया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ऑफिस में मौजूद लोग डर गए। उन्हें लगा कि जुआ खेलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारा है। इसी वजह से किसी ने बदमाशों का विरोध नहीं किया।
बदमाशों ने हथियारों के दम पर वहां मौजूद लोगों को धमकाया और टेबल पर रखी रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उन्होंने लोगों के हाथों से सोने की अंगूठियां भी उतरवा लीं। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों से दो सोने की चेन भी उतरवा लीं। इसके अलावा वे 12 मोबाइल फोन भी लूटकर अपने साथ ले गए।
बदमाश जाते समय वहां मौजूद लोगों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने लोगों को तत्काल पुलिस को सूचना देने से रोकने के लिए मोबाइल लूटे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश कार में सवार हुए और बरेली रोड की ओर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
SP सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की सर्विलांस टीम इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस बदमाशों तक पहुंचने के लिए सर्विलांस की मदद ले रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।