देहरादून

हाईकोर्ट का आदेश : आरोपी नेता तीन दिन के भीतर पीड़िता से शादी की समस्या का करे समाधान

High Court Order : नौ साल तक महिला के साथ रहने के बाद भी शादी से मुकरने वाले नेता को हाईकोर्ट से झटका लगा है। हाईकोर्ट ने आरोपी को तीन दिन के भीतर पीड़िता से शादी की समस्या का समाधान करने का आदेश दिया है। पीड़िता का आरोप है कि नेता किसी दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी में है।

2 min read
Mar 23, 2026
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने नेता को पीड़िता से शादी की समस्या के समाधान के लिए तीन दिन का समय दिया है

High Court Order : नौ साल तक एक विभाग की महिला प्रशासनिक अधिकारी के साथ रहने के बाद अल्मोड़ा जिले के भतरौंजखान निवासी एक नेता ऐन मौके पर शादी से मुकर गया। पीड़िता के मुताबिक स्थानीय नेता ने नौ साल तक शादी का झांसा देकर उनका उत्पीड़न किया। पीड़िता ने तहरीर में बताया है कि आरोपी एक पार्टी से जुड़ा हुआ है। महिला के अनुसार नौ साल पहले आरोपी नेता चितई गोल्ज्यू मंदिर में उसे शादी की रस्में निभाने के लिए ले गया था, लेकिन ऐन मौके पर वह मुकर गया। उसके बाद भी वह बहाने बनाते हुए शादी टालता गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुछ दिन पहले ही जालसाजी, ठगी और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। ये मामला अब हाईकोर्ट पहुंच गया है। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने मौखिक आदेश पारित कर आरोपी से कहा है कि तीन दिन के भीतर पीड़िता से मिलकर शादी की समस्या का समाधान निकालें। चर्चा है कि आरोपी पूर्व में खुद को कांग्रेसी और अब भाजपा नेता बताता है। वह पार्टियां बदलने प्रसिद्ध है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के कार्यक्रमों में वह देखा ही जाता रहा।

आरोपी को 27 मार्च तक का समय

शादी का झांसा देकर नौ साल तक महिला का उत्पीड़न करने का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। हाईकोर्ट ने आरोपी नेता को आदेश दिए हैं कि वह तीन दिन के भीतर पीड़िता से शादी की समस्या के मसले का समाधान करे। आज हुई सुनवाई पर याचिकाकर्ता आरोपी ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त किया जाए। हाईकोर्ट ने मामले को गम्भीर पाते हुए उनसे मौखिक तौर पर कहा कि 27 मार्च तक आप पीड़िता से मुलाकात कर इस मामले को सुलझाने की कोशिश करें।

महिला कर्मी के रुपयों से की मौज  

शादी का झांसा देकर महिला कार्मिक के उत्पीड़न का मामला काफी चर्चाओं में है। पीड़िता के मुताबिक नौ वर्षों के दौरान वह उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों में एक-दूसरे के साथ साथ घूमते-फिरते रहे। पीड़िता नेता के घर पर उसके परिवार के साथ भी रही। नेता ने उसके सरकारी पद का फायदा उठाते हुए उससे गाड़ी, कपड़े, मकान का किराया और निजी खर्च के लिए। साथ ही उससे लाखों रुपये कैश भी लिए। ऐन मौके पर आरोपी शादी से मुकर गया।

दूसरी लड़की से शादी की तैयारी

नौ साल तक पीड़िता का शोषण करने के बाद आरोपी शादी से मुकर गया। उसकी दगाबाजी से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस को तहरीर सौंपी। तहरीर में पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया। अब आरोपी किसी अन्य लड़की से शादी करने जा रहा है। आरोप लगाया कि जिस लड़की से नेता की शादी हो रही है, उसने दोनों की फोटो इंस्टाग्राम पर उसे भेजी है।

Updated on:
23 Mar 2026 09:32 pm
Published on:
23 Mar 2026 09:16 pm
Also Read
View All

अगली खबर