Relief From Inflation : बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने के लिए सरकार एक्शन मोड पर आ गई है। सीएम ने मंडी परिषद को निर्देश दिए हैं कि महंगाई से निजात दिलाने के लिए जल्द से जल्द सरकारी मंडियों में रिटेल काउंटर खोले जाएं। इससे महंगाई से त्रस्त जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
Relief From Inflation : ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध में भले ही इन दिनों सीज फायर चल रहा हो, लेकिन स्टेट ऑफ होर्मुज पर तनातनी बनी हुई है। ईरान ने होर्मुज से मालवाहक जहाज गुजरने पर पाबंदी लगा रखी है। वहीं दूसरी ओर अमेरिका इसे खुलवाने के लिए नाकेबंदी कर रहा है। होर्मुज में कई देशों के सैकड़ों जहाज फंसे हुए हैं। इसके कारण भारत में डीजल-पेट्रोल और एलपीजी सप्लाई चैन बुरी तरह लड़खड़ा गई है। माल भाड़ा बढ़ने से महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। इससे आम जनता परेशान है। इसी को देखते हुए उत्तराखंड की मंडियों में रिटेल काउंटर खोलने की तैयारी शुरू हो चुकी है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल डब्बू ने कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में तय हुआ कि हर मंडी में पांच बड़े रिटेल काउंटर खोले जाएंगे। शुरुआती चरण में हल्द्वानी, रामनगर, हरिद्वार ओर देहरादून की मंडियों में बड़े रिटेल काउंटर खोले जाएंगे। इन काउंटरों में लोगों को सस्ती दरों पर सामान बेचा जाएगा।
मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव के कारण गैस सिलेंडर से लेकर खाद्य सामग्री तक में महंगाई की मार पड़ रही है। मंडियों में थोक और बाजार में फुटकर दामों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। इसकी शिकायत सीएम पुष्कर सिंह धामी तक भी पहुंची थी। सीएम ने बाजार और मंडियों के दामों का आकलन करने के निर्देश दिए थे। उस जांच में भी मंडी और थोक में काफी अंतर पाया गया था। इसी के चलते जनता को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही थी। अब राज्य की सभी मंडियों में थोक और फुटकर दाम का आकलन किया जा रहा है। भारी अंतर मिलने के कारण ही सरकार ने मंडियों में रिटेल काउंटर खोलने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड में सब्जियों के दाम में हो रही लगातार बढ़ोत्तरी से जनता परेशान है। करीब 67 किमी दूर सहारनपुर और देहरादून में ही सब्जियों के दामों में धरती-आसमान का अंतर है। सहारनपुर में देहरादून के मुकाबले सब्जियां करीब 30 फीसदी सस्ती मिल रही हैं। उपभोक्ता शिकायत कर रहे हैं कि सब्जियों के दामों में मनमानी हो रही है। मनमानी पर सरकार ने भी सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। ओवर रेटिंग करने पर संबंधित व्यापारियों के लाइसेंस निरस्त करने के आदेश जारी हो चुके हैं।