देहरादून

प्री-मानसून मचाएगा तबाही : सात दिन बारिश, ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी, पहाड़ों में होगा हिमपात

Pre-Monsoon Havoc: प्री-मानसून कहर बनकर टूट रहा है। अंधड़ के दौरान गिरे पेड़ की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई है। हादसे में उसकी मां भी घायल हुई है। बारिश, ओलावृष्टि अंधड़ ने बागवानी और फसलों को भी भारी नुकसान पहुचाया है। लाइनें टूटने से घंटों तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। आने वाले दिनों में मौसम और भी उग्र रूप दिखा सकता है।

2 min read
Mar 17, 2026
उत्तराखंड में प्री-मानसून की बारिश ने आफत मचाई है

Pre-Monsoon Havoc: प्री-मानसून ने तबाही बचा रखी है। भीषण अंधड़ और ओलावृष्टि ने सर्वाधिक नुकसान पैदा किया है। उत्तराखंड में रविवार देर रात भारी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ चले थे। कुमाऊं के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात और मैदानी क्षेत्र में रविवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश से काफी नुकसान हुआ है। रामनगर में एक घर पर हल्दू का पेड़ गिरने से मलबे में दबकर किशोर की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक गांव रिंगौड़ा निवासी प्रकाश उपाध्याय का परिवार रविवार रात को अपने टिनशेड में सोया था। अंधड़ में विशालकाय हल्दू का पेड़ टिनशेड पर जा गिरा। पेड़ की चपेट में आने से उनके बेटे की मौत हो गई जबकि पत्नी मलबे में दबकर घायल हो गईं। यहां के मोहल्ला भरतपुरी में मंदिर की बाउंड्री वॉल गिरने से नीचे खड़ी तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हल्द्वानी के शीशमहल निवासी राकेश मौर्या की झोपड़ी पर पास के स्कूल की करीब 10 फीट ऊंची दीवार गिर गई जिसमें परिवार के पांच सदस्य दब गए। इधर, आईएमडी ने 23 मार्च तक बारिश, ओलावृष्टि, तूफान और पर्वतीय इलाकों में हिमपात का दौर जारी रहने की पूर्वानुमान लगाया है।

आज आठ जिलों में बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने आज उत्तराखंड के आठ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक आज उत्तरकाशी, रुदप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, टिहरी और देहरादून जिले में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। आज मेघ गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कड़कने और 33 सौ मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात का भी अलर्ट जारी हुआ है। आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड में 18 मार्च से बारिश का दौर तेज हो सकता है। आईएमडी के अनुसार 18 से 23 मार्च तक राज्य के सभी जिलों में बारिश के आसार हैं। कल के लिए यलो  जबकि 19 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। आने वाले दिनों में 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार वाले तेज अंधड़ चलने का भी खतरा रहेगा। आईएमडी ने 20 मार्च के लिए पर्वतीय जिलों में ओलावृष्टि, तूफान और आकाशीय बिजली कड़कने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Updated on:
17 Mar 2026 03:52 pm
Published on:
17 Mar 2026 11:30 am
Also Read
View All

अगली खबर