16 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

LPG Crisis : रसोई गैस को लेकर भीड़ का हंगामा, एजेंसी के खिलाफ केस दर्ज, 854 सिलेंडर जब्त

LPG Crisis : ईरान-इजराइल-अमेरिका युद्ध के बीच रसोई गैस का संकट बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच पुलिस ने होम डिलीवरी के आदेश की अवहेलना करने पर गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा लिख दिया है। साथ ही मौके से 854 सिलेंडर जब्त कर लिए हैं। इस एजेंसी में गैस के लिए भारी भीड़ लगी हुई थी, जो हंगामा काट रही थी।

2 min read
Google source verification
Police have registered a case against the gas agency operator in Dehradun and have also seized 854 cylinders

गैस की होम डिलीवरी नहीं करने पर एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है

LPG Crisis : ईरान-इजराइल-अमेरिका युद्ध के कारण एलपीजी का संकट बढ़ने लगा है। देहरादून में एलपीजी का बैकलॉग 70 हजार पार कर गया है। प्रशासन ने सभी एजेंसियों को डोर-टू-डोर एलपीजी वितरण के आदेश दिए है, ताकि भीड़ एकत्र न हो सके। बावजूद इसके देहरादून में शिमला बाईपास रोड स्थित स्थित शहीद हीरा गैस सर्विस की ओर से आदेशों का उल्लंघन किया जा रहा था। प्रशासन को शिकायत मिली कि हीरा गैस एजेंसी प्रशासन के होम डिलीवरी के आदेश नहीं मान रही है। एजेंसी सीधे गोदाम से गैस सिलेंडर बांट रही थी, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गैस नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया था। कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए डीएम ने एजेंसी पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विकास नगर के एसडीएम विनोद कुमार, तहसीलदार और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम क्यूआरटी के साथ मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि एजेंसी ट्रक के माध्यम से सीधे गोदाम में वितरण कर रही थी। प्रशासनिक आदेशों के उल्लंघन पर प्रवर्तन दल ने हीरा गैस सर्विस के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। टीम ने मौके पर मौजूद सभी सिलेंडरों को जब्त कर जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के मुताबिक एजेंसी से 854 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। बता दें कि रसोई गैस की किल्लत के बीच मनमानी और कालाबाजारी पर दो दिन में यह तीसरा मुकदमा है।

यहां भी सिलेंडर को हंगामा

देहरादून में जीएसएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी पर रविवार को भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बड़ी संख्या में उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर सीधे गोदाम पहुंच गए, लेकिन एजेंसी संचालकों ने प्रशासन के ‘होम डिलीवरी’ नियमों का हवाला देकर वितरण से साफ मना कर दिया। इससे गुस्साए लोगों और एजेंसी कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हंगामा बढ़ता देख प्रबंधन को तत्काल पुलिस बुलानी पड़ी। एसओ बसंत विहार अशोक राठौर ने बताया कि पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया।

70 हजार पार पहुंचा बैकलॉग

रसोई गैस की किल्लत को दूर करने के लिए प्रशासन और तेल कंपनियों की मशक्कत के बावजूद वेटिंग लिस्ट कम होने का नाम नहीं ले रही है। देहरादून में बैकलॉग कम करने यूपी के लोनी से अतिरिक्त गैस मंगाई जा रही है। बढ़ती बुकिंग के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों का कुल बैकलॉग बढ़कर 75,394 पर पहुंच गया है। किल्लत को देखते हुए लोग जरूरत से पहले सिलेंडर बुक कर रहे हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बना हुआ है। रविवार को जिलेभर में कुल 18,120 घरेलू और 21 व्यावसायिक सिलेंडर की डिलीवरी की गई। तेल कंपनियों के पास वर्तमान में 36,495 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन बैकलॉग की बड़ी संख्या के कारण उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।