
देहरादून पुलिस ने एनकाउंटर में एक बदमाश को मार गिराया है। प्रॉपर्टी डीलर से लूटपाट कर भाग रहे कार सवार बदमाशों और पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया। दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
देहरादून में करीब 17 साल बाद किसी मुठभेड़ में बदमाश की मौत हुई है। पुलिस एनकाउंटर में तीन जुलाई 2009 के बाद यह पहली घटना हुई है। उस दौरान रणवीर एनकाउंटर हुआ था। जिसके फर्जी साबित होने पर पुलिस पर सवाल उठे थे।
घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंध इलाके की है। रात करीब साढ़े दस बजे कार सवार तीन बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर देवराज को सड़क पर रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने देवराज को गोली मार दी और उनसे मोबाइल व दो लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। बताया कि बदमाश गुजरात नंबर की काले रंग की कार में सवार होकर ‘विश्रांति’ की तरफ भागे हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों की कार का पीछा किया और उन्हें पौंधा के पास ही घेर लिया। पुलिस को अपने सामने देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान प्रेमनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर नरेश राठौर के हाथ में दो गोलियां लग गईं। इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक बदमाश के सीने के पास तीन गोलियां आर-पार निकल गईं और वह वहीं गिर पड़ा। एसएसपी ने बताया कि घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रॉपर्टी डीलर देवराज और इंस्पेक्टर नरेश राठौर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में लूट और पुलिस मुठभेड़ के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।
Updated on:
30 Apr 2026 11:22 am
Published on:
30 Apr 2026 11:19 am
बड़ी खबरें
View Allदेहरादून
उत्तराखंड
ट्रेंडिंग
