28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्कूलों की टाइमिंग 1 मई से बदलेगी, जानें क्यों शुरू होने जा रही है उत्तराखंड में नई व्यवस्था

New Time Table : प्रदेश में एक मई से स्कूलों की टाइमिंग बदलने वाली है। ये प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। जल्द ही प्रदेश के स्कूलों में नया टाइम टेबल लागू हो जाएगा। इससे खासतौर पर विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने वाली है।

2 min read
Google source verification
In view of the scorching heat, the timetable of Uttarakhand schools will be changed from May 1

उत्तराखंड में एक मई से स्कूल टाइमिंग में बदलाव होने जा रहा है

New Time Table : प्रदेश के सभी सरकारी, अर्द्ध सरकारी और निजी स्कूलों के खुलने और बंद होने की टाइमिंग एक मई से बदलने वाली है। बता दें कि इन दिनों उत्तराखंड में भयंकर गर्मी चल रही है। भीषण गर्मी के कारण लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। स्कूली बच्चों को भी गर्मी से बड़ी परेशानी हो रही है। दिन में चल रही हीटवेव शरीर को झुलसा रही है। इसी को देखते हुए शिक्षा महकमा स्कूल टाइमिंग में बदलाव की तैयारी कर रहा है। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सोमवार को श्रीनगर में कहा कि एक मई से सरकारी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे। बता दें कि अभी स्कूल सुबह 7:45 बजे से दोपहर 2:05 बजे तक चल रहे हैं। हालांकि इससे पहले शिक्षा महानिदेशक की ओर से स्थानीय स्तर पर स्कूलों के समय में बदलाव का अधिकार जिले के अधिकारियों को दे दिए हैं। लेकिन शिक्षा मंत्री ने पूरे राज्य में स्कूलों के लिए मौजूदा गर्मी की स्थिति को देखते हुए एक समान समय रखने की बात की है। नई व्यवस्था एक मई से शुरू होने जा रही है। हालांकि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में अभी गर्मी का असर नहीं दिख रहा है। यहां लोग सुबह-शाम अब भी गर्म कपड़े पहन रहे हैं। शासन स्तर से आदेश जारी होने के बाद पर्वतीय इलाकों में भी स्कूलों की टाइमिंग बदल जाएगी।

देहरादून में प्रचंड गर्मी

राज्य में अप्रैल आखिरी सप्ताह में गर्मी तमाम रिकॉर्ड ध्वस्त कर रही है। कई मैदानी इलाकों में लू जैसे हालात पैदा हो रहे हैं।  देहादून में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) की चेतावनी पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। गर्मी के कारण बीमार होने वाले मरीजों को तत्काल उपचार देने के लिए दून अस्पताल में विशेष वार्ड आरक्षित किया गया है। दून अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि आठ बेड हीट वेव के मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं।

गर्मी से आंखों को नुकसान

देहरादून में पड़ रही प्रचंड गर्मी का असर अब सेहत पर पड़ने लगा है। पेट, त्वचा और आंखें सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। अस्पतालों की ओपीडी में इनसे संबंधित मरीजों की संख्या में 20 से 30 फीसदी का इजाफा हुआ है। वहीं गर्मियां शुरू होते ही एसी, कूलर, पंखे, फ्रिज की कीमतों में पांच से 10 फीसदी तक इजाफा हो गया है।

38 पार पहुंचा तापमान

उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के बीच तापमान भी उछाल मार  रहा है। कल देहरादून में 37.9 मसूरी 28.6 रुड़की 38.2 पंतनगर 37.8  पिथौरागढ़ 30.8  मुक्तेश्वर 28.6  टिहरी अधिकतम तापमान 28.0 दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोगों को तमाम परेशानियां उठानी पड़ीं। इधर, मौसम विभाग ने आने वाले तीन-चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना जताई है।