27 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बागेश्वर की गीतिका पंत ने 98% अंक पाकर किया स्टेट टॉप, इंजीनियर बनने का है सपना

UBSE 12th Topper Geetika Pant: उत्तराखंड बोर्ड 12वीं के परिणाम में बागेश्वर की गीतिका पंत ने 98% अंकों के साथ टॉप किया है। जानें गीतिका की सफलता की कहानी और बोर्ड के अन्य टॉपर्स के बारे में विस्तृत जानकारी।

2 min read
Google source verification

उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (यूबीएसई) ने शनिवार को कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (इंटरमीडिएट) की बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी किए। अन्य बोर्ड के परिणामों की तरह ही उत्तराखंड बोर्ड में भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन करके बाजी मारी है। इस वर्ष बागेश्वर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज की गीतिका पंत ने उत्तराखंड बोर्ड इंटर परीक्षा में 500 में से 490 अंक प्राप्त करके पूरे राज्य में टॉप किया है। यूके बोर्ड से 12वीं की परीक्षा में गीतिका ने 98 प्रतिशत के साथ पहला स्थान लाकर जिले का नाम रोशन किया है।

शिक्षकों और दादाजी को दिया श्रेय

गीतिका ने अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सबसे पहले अपने स्कूल के शिक्षकों को आभार व्यक्त किया, जिनके गाइडेंस और छात्रों के पीछे की मेहनत की वजह से आज उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। इसी के साथ, उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने दादाजी को दिया, जिन्होंने गीतिका को हर कदम पर प्रोत्साहित और हमेशा सहयोग किया।

इसके अलावा, गीतिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग और समर्थन के साथ-साथ अपनी निरंतर मेहनत को दिया है। उन्होंने बताया कि वो घंटे गिनकर पढ़ाई नहीं करती थी, लेकिन प्रतिदिन ज्यादा से ज्यादा समय पढ़ाई करने की कोशिश करती थी। गीतिका ने अपने लक्ष्य के बारे में बताते हुए कहा कि वह अपना करियर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में बनाना चाहती हैं।

लड़कियों ने फिर मारी बाजी

इस वर्ष कक्षा 10वीं का कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 92.10 और 12वीं का उत्तीर्णता प्रतिशत 85.11 रहा। हाईस्कूल में लड़कियों का पास प्रतिशत 96.07 और लड़कों का 88.03 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं, इंटरमीडिएट में लड़कियों का उत्तीर्णता प्रतिशत 88.09 और लड़कों का उत्तीर्णता प्रतिशत 81.93 रहा।

यूके बोर्ड कक्षा 10वीं के परिणाम में इस वर्ष नैनीताल जिले के रामनगर के अक्षत गोपाल 98.20 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य के टॉपर रहे। ईशांत कोठारी और भूमिका 98.00 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आए और 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ योगेश जोशी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इंटरमीडिएट में बागेश्वर की गीतिका पंत और ऊधम सिंह नगर की सुशीला मेहंदीरत्ता ने संयुक्त रूप से राज्य में 98 प्रतिशत अंक के साथ टॉप किया। दूसरे स्थान पर ऋिषिकेश के आर्यन ने 97.8 प्रतिशत के साथ अपनी जगह बनाई और 97.0 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर हरिद्वार की वंशिका रहीं।

बता दें कि यूबीएसई द्वारा कक्षा 10वीं की परीक्षा 23 फरवरी से 20 मार्च और कक्षा 12वीं की परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च के बीच आयोजित की गई थी।