28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Uttarakhand : मौसम दिखाएगा उग्र तेवर, आज से 4 मई तक भारी बारिश, ओलावृष्टि-आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी

Weather News : भीषण गर्मी से आज से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज से चार मई तक समूचे राज्य में झमाझम बारिश ओलावृष्टि, भयंकर आंधी और आकाशीय बिजली कड़कने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के देखते हुए सरकार ने राज्य में ट्रेकिंग की गतिविधियों पर रोक लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं।

2 min read
Google source verification
An alert has been issued for heavy rain, hailstorm, storm and lightning in Uttarakhand from today till May 4

उत्तराखंड में आज से मौसम तल्ख तेवर दिख सकता है

Weather News : मौसम आज से विकराल रूप दिखा सकता है। मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी को देखते हुए शासन-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं। बता दें कि इन दिनों उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहां पर लू जैसे हालात पैदा हो गए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग में भी बदलाव की तैयारी है। गर्मी ने लोगों को बेहाल करके रख दिया है। बढ़ती गर्मी के बीच पर्वतीय इलाकों में सैलानियों का जमावड़ा लग रहा है। इधर, आईएमडी ने मौसम को लेकर खुशखबरी दी है। आईएमडी के मुताबिक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण आज से चार मई तक समूचे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। आईएमडी के मुताबिक आज शाम से मौसम करवट बदल सकता है। आज राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में अधिकांश स्थानों पर बारिश के आसार हैं। राज्य के शेष जिलों में भी आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आईएमडी के अनुसार कल उत्तराखंड में मौसम और भी खराब रहेगा। कल सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश के आसार हैं। साथ ही राज्य में 44 सौ मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। बारिश और बर्फबारी से राज्य में आने वाले तीन-चार दिन के भीतर अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने के आसार हैं। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम आज से करवट बदल सकता है। आज से पूरे सप्ताह समूचे राज्य में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, आज और नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कड़कने, तीव्र दौर की ओलावृष्टि और 50 किमी प्रतिघंटे तक की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। आज और कल इन जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। राज्य के शेष जिलों में भी बारिश के अलावा अंधड़ और आकाशीय बिजली कड़कने का पूर्वानुमान है। इन जिलों को दो दिन के लिए यलो अलर्ट मोड पर रखा गया है।

ट्रेकिंग पर पाबंदी

मौसम आज और कल अत्यंत खराब रह सकता है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने ट्रेकिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी है। साथ ही विभागीय अफसरों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। आईएमडी ने राज्य के आठ जिलों के लिए दो दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार टिहरी,चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली कड़कने, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े समस्त अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने और किसी मार्ग के बाधित होने पर उसे तत्काल खुलवाना सुनिश्चित करने को कहा गया है। पर्यटकों को भी उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।