Chardham Yatra 2026 : मौसम खराब होने के कारण पिछले कई दिनों से उत्तराखंड के चारधाम में लगातार हो रही बर्फबारी ने यात्रा की तैयारियों को बाधित कर दिया है। यदि आप भी चारधाम यात्रा पर आ रहे हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। चारधाम यात्रा के लिए आपको पूरी तैयारी के साथ आना पड़ेगा।
Chardham Yatra 2026 : प्री-मानसून के कारण उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से मौसम खराब चल रहा है। राज्य भर में बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। लिहाजा आपको भी चारधाम यात्रा के दौरान बेहद एहतियात बरतने की जरूरत है। केदारनाथ रूट पर लोक निर्माण विभाग गुप्तकाशी की टीम पैदल मार्ग से बर्फ हटाने में जुटी है। लेकिन लगातार हिमपात होने से हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं। आगे स्थिति सुधरेगी या बर्फबारी जारी रहेगी इस पर अभी मौसम विभाग कुछ अनुमान नहीं दे पाया है। पिछले 15 दिनों से जोशीमठ, बदरीनाथ, हेमकुंड, फूलों की घाटी, स्वर्गारोहिणी, कुवांरी पास, औली में बारिश-बर्फबारी जारी है। यमुनोत्री धाम में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। ऐसे में आपको विशेष सतर्कता के साथ आना होगा। चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। सामान्य तौर पर अप्रैल पहले पखवाड़े में यहां बर्फ पिघलना शुरू हो जाती थी। इस बार साल 2012 की तरह लगातार बारिश, बर्फबारी जारी है। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से यहां पर असमय बर्फबारी हो रही है।
किसी भी दिक्कत से बचने को यात्रा से पहले चारधाम यात्रा का पंजीकरण जरूर कराएं
यात्रा के दौरान अपने साथ पर्याप्त ऊनी कपड़े, छतरी, रेनकोट जरूर साथ रखें
पंजीकरण के दौरान सटीक स्वास्थ्य जानकारी जरूर दें
वरिष्ठ नागरिक यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच जरूर कराएं
यदि पहले से कोई दवाई चली आ रही है तो प्रचुर मात्रा में स्टॉक जरूर साथ रखें
यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर विश्राम करते हुए ही आगे बढ़ें। ताकि मौसम के साथ तालमेल बना रहे।
यदि किसी भी तरह खुद को अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं, तो यात्रा से परहेज करें
वाहनों की रफ्तार को पहाड़ पर नियंत्रित रखें और पार्किंग में ही वाहन खड़ा करें
हेलीकॉप्टर से दर्शन को लेकर कोई दिक्कत न आए, इसके लिए समय परहेली टिकट बुक कराएं। heliyatra.irctc.co.in से ही टिकट बुक कराएं। हेलीकॉप्टर टिकट देने का दावा करने वाले अनधिकृत लोगों से बचें। धामों पर दर्शन कराने का दावा करने वाले अनधिकृत लोगों से बचें। यात्रा से जुड़ी कोई भी जानकारी हासिल करने को पर्यटन विकास परिषद की ओर से जारी नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। फोन नंबर 01352559898 और 01352552627पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर 01353520100पर 24 घंटे कभी भी फोन कर जानकारी ले सकते हैं।
चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। 19 अप्रैल-गंगोत्री और यमुनोत्री, 22अप्रैल-केदारनाथ, 23अप्रैल- बदरीनाथ धाम, 23मई- हेमकुंड साहिब केकपाट खुलेंगे। सभी धामों में अभी तक 1271088 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करा लिए हैं। यमुनोत्री धाम में 225238, गंगोत्री धाम में 231315, केदारनाथ धाम में 429675, बदरीनाथ धाम में 375352 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराए। हेमकुंड साहिब के लिए अभी तक 9508 श्रद्धालु दर्शन करा चुके हैं।
केदारनाथ, यमुनोत्री, हेमकुंड में बहुत अधिक और बदरीनाथ, गंगोत्री में भी हल्की बर्फबारी से माइनस में तापमान चल रहा है। इस बर्फबारी का असर यात्रा शुरू होने के दौरान भी रहेगा। ऐसे में यूपी, दिल्ली समेत दूसरे गर्म मौसम वाले राज्यों से आने वाले श्रद्धालु इस मौसम से जरूर तालमेल बनाने की तैयारी से आएं। बता दें कि मौसम खराब होने के कारण अभी होटल कारोबारियों ने भी तैयारी शुरू नहीं की है। बीते साल तक होटलों का रंगरोगन शुरू कराया जाता था, लेकिन कड़ाके की ठंड और बर्फबारी से काम शुरू ही नहीं हो पाया है। बदरीनाथ पहुंचे अग्रिम दल ने भी अभी काम शुरू नहीं किया है।