देहरादून

पति की दूसरी शादी रुकवाने पुलिस लेकर पहुंची पत्नी, शातिर ने गोली की रफ्तार में ले लिए फेरे

Controversy Over Marriage : पति की दूसरी शादी होने की भनक लगते ही पत्नी पुलिस फोर्स लेकर लगन मंडप में पहुंच गई। पत्नी को मौके पर देख पति और उसके रिश्तेदारों के होश फाख्ता हो गए। मौके की नजाकत को देखते हुए कई बाराती फरार हो गए। इस दौरान करीब दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

2 min read
Feb 10, 2026
पति की दूसरी शादी रुकवाने पहुंची पत्नी ने विवाह मंडप में हंगामा काटा

Controversy Over Marriage : पति की दूसरी शादी की रस्में चलने की भनक लगते ही पत्नी ने मंडप में पुलिस फोर्स सहित धावा बोल दिया। आरोपी युवक दूसरी शादी करने की तैयारी में था। इसी दौरान ग्राम माजरा हसन गदरपुर निवासी सोनी पत्नी रवि सिंह को इसकी भनक लग गई। सोनी ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर बाद पत्नी पुलिस फोर्स के साथ विवाह मंडप में पहुंच गई थी। उसने कहा कि रवि से उसका विवाह विधि विधान से हुआ है और वह पीठ पीछे अब दूसरी शादी कर रहा है। अभी तक रवि ने उसे तलाक भी नहीं दिया है। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही मंडप में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए शादी की रस्में रोक दी गई और दोनों पक्षों में भिड़ंत होने लगी। पुलिस ने बमुश्किल हालात पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों से पूछताछ की गई। इधर, शादी को लेकर हुआ ये विवाद काफी चर्चाओं में है।

झटपट पूरी कर ली विवाह की रस्में

पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही दूल्हा पक्ष ने झटपट शादी की रस्में लगभग पूरी कर दी थी। इस दौरान शादी पक्ष की ओर से पुलिस को बताया गया कि पुलिस के पहुंचने से पहले विवाह की कुछ रस्में पूरी हो चुकी थी। महिला एसआई सोनिका जोशी ने मौके पर किसी तरह की गिरफ्तारी नहीं की, लेकिन दोनों पक्षों को कानूनी स्थिति से अवगत कराया। पीड़ित पहली पत्नी ने कहा कि उसके साथ धोखा हुआ है और वह न्याय के लिए न्यायालय की शरण लेगी।

अब कोर्ट जाएगा मामला

 दूसरी शादी संपन्न होने के घटना में पुलिस का कहना है कि मामला वैवाहिक विवाद से जुड़ा है। घटना के बाद से गांव में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल स्थिति सामान्य है, गांव वालों से वार्ता कर पुलिस पीड़ित महिला व उनके परिजनों को लेकर चली गई। वहीं सूत्रों के अनुसार आरोपी युवक की शादी दोबारा कराई गई, लेकिन मामला अब कोर्ट तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। एसआई सोनिका के मुताबिक पीड़ित महिला की शिकायत पर विवाह स्थल पर टीम पहुंची। तब तक शादी हो चुकी थी। पुलिस ने पीड़िता को न्यायालय में परिवाद दायर करने की सलाह दी है।

Updated on:
10 Feb 2026 08:25 am
Published on:
10 Feb 2026 07:56 am
Also Read
View All

अगली खबर