BJP's New Strategy : कांग्रेस सहित अन्य दलों से भाजपा में आने वाले नेताओं को सनातन की ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ही उन्हें पार्टी में शामिल किया जाएगा। इसके तहत उन्हें भाजपा की रीति नीति, कार्य संस्कृति, हिंदुत्व और राष्ट्रीयता की विचारधारा से रूबरू कराया जाएगा
BJP's New Strategy : कांग्रेस या अन्य दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को अब कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। भाजपा ऐसे नेताओं को सनातन की ट्रेनिंग देगी। उन्हें राष्ट्रवाद, हिंदुत्व, कार्य संस्कृति आदि की ट्रेनिंग दी जाएगी। उसके बाद पार्टी इन नेताओं का इस्तेमाल आगामी विस चुनाव में विपक्ष के खिलाफ एक मजबूत हथियार के रूप में करेगी। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस व अन्य दलों को छोड़कर नेता भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा का दावा था कि ऐसे नेता और कार्यकर्ताओं की संख्या 20 हजार से अधिक थी। अब पार्टी ने इन्हें विपक्षी दलों के खिलाफ मजबूत हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का निर्णय लिया है। इन नेताओं के जरिए कांग्रेस व अन्य दलों के कार्यकर्ताओं को भाजपा की ओर आकर्षित किया जाएगा और उन्हें पार्टी से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इस नई रणनीति से भाजपा को 2027 चुनाव में काफी लाभ मिल सकता है। इधर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार के मुताबिक कांग्रेस सहित अन्य दलों से भाजपा में आए नेता और कार्यकर्ताओं को भाजपा के सिद्धांत और विचारों के प्रति जागरुक करने के लिए प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही इस संदर्भ में प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किया जा रहा है।
संगठन के सूत्रों के अनुसार अन्य दलों से भाजपा में आए नेताओं के लिए प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें प्रदेश स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर के नेता और कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। भाजपा ने 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता की भूमिका सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। ऐसे में इस प्रकार का प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। इससे साफ है कि भाजपा 2027 का चुनाव हिंदुत्व पर फोकस करते हुए लड़ेगी। पिछली बार की तरह ही इस चुनाव में भी मुस्लिम युनिवर्सिटी, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसे एजेंडे हावी रह सकते हैं। बता दें कि 2022 विस चुनाव में भाजपा ने मुस्लिम विवि का एजेंडा खूब भुनाया था, जिसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा था।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शीर्ष पदाधिकारी बनारस पहुंच गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक इसमें राज्य से 14 शीर्ष पदाधिकारियों की टीम प्रतिभाग कर रही है। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अलावा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल के साथ ही कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं।