देहरादून

उत्तराखंड के स्कूल टाइम-टेबल में हुआ बड़ा बदलाव, आदेश जारी, जानें क्या रहेगा नया शेड्यूल

New Time-Table : उत्तराखंड के समस्त सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के टाइम टेबल में सरकार ने बड़ा फेरबदल कर दिया है। अब गर्मियों में 7:45 जबकि सर्दियों में 8:50 बजे से स्कूल खुलेंगे। बकायदा सभी पीरियड्स की टाइमिंग भी सरकार ने तय कर दी है। इस संबंध में आज शिक्षा सचिव ने आदेश भी जारी कर दिए हैं।

2 min read
Apr 06, 2026
उत्तराखंड के स्कूलों के टाइम -टेबल में बड़ा बदलाव कर दिया गया है

New Time-Table : नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही राज्य में सरकार ने स्कूलों के टाइम-टेबल में व्यापक बदलाव कर दिया है। बता दें कि उत्तराखंड में पिछले करीब 17 महीने से स्कूलों के टाइम-टेबल में बदलाव की तैयारी चल रही थी। तत्कालीन महानिदेशक झरना कमठान के कार्यकाल में ही नए टाइम-टेबल पर होमवर्क शुरू कर दिया गया था। कुछ दिन पूर्व ही ही एनसीईआरटी निदेशक वंदना गर्ब्याल ने नए टाइम टेबल को लागू करने की अनुमति के लिए शिक्षा सचिव रविनाथ रमन को इसका विस्तृत प्रस्ताव भेजा था। सचिव ने विचार विमर्श के बाद अनुमोदन के लिए इस प्रस्ताव को सरकार को भेजा था। सरकार की मंजूरी मिलते ही आज शिक्षा सचिव ने स्कूलों का नया टाइम-टेबल जारी कर दिया है। बता दें कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आधार पर तैयार किए गए इस टाइम टेबल के अनुसार स्कूल में प्रतिदिन पांच घंटा 20 मिनट का वक्त पूरी तरह से शिक्षण के लिए समर्पित होगा।

गर्मियों का ये रहेगा टाइम-टेबल

उत्तराखंड के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में नया टाइम-टेबल लागू कर दिया गया है। नए टाइम टेबल के अनुसार राज्य में गर्मियों के सीजन यानी 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक स्कूल सुबह 7:45 बजे खुल जाएंगे। 7:45 से 8:05 तक प्रार्थना होगी। 8:05 से 8:45 तक पहला, 8:45 से 9:25 तक दूसरा, 9:25 से 10:05 तक तीसरा, 10:05 से 10:45 तक चौथा वादन चलेगा। सभी स्कूलों में 10:45 से 11:25 तक इंटरवेल होगा। उसके बाद 11:25 से 12:05 तक पांचवां, 12:05 से 12:45 तक छठा, 12:45 से 1:25 तक सातवां जबकि 1:45 से 02:05 तक आठवां वादन चलेगा। सभी स्कूलों में गर्मियों के दिनों में दो बजकर पांच मिनट पर छुट्टी हो जाएगी।

सर्दियों का नया टाइम टेबल

उत्तराखंड में सर्दियों के सीजन में सभी स्कूल सुबह 8:50 बजे खुल जाएंगे। एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सर्दियों का सीजन माना जाएगा। सर्दियों में 8:50 से 9:10 तक प्रार्थना होगी। सभी स्कूलों में सुबह 9:10 से 9:50 तक पहला, 9:50 से 10:30 तक दूसरा, 10:30 से 11:10 तक तीसरा जबकि 11:10 से 11:50 बजे तक चौथा वादन चलेगा। 11:50 से 12:30 बजे तक इंटरवेल होगा। 12:30 से 1:10 तक पांचवां, 1:10 से 1:50 तक छठा, 1:50 से 2:30 तक सातवां जबकि 2:30 से 3:10 बजे तक आठवां वादन चलेगा। 3:10 बजे समस्त स्कूलों में छुट्टी हो जाएगी।

Published on:
06 Apr 2026 05:48 pm
Also Read
View All

अगली खबर