देहरादून

Weather Alert : मौसम दिखाएगा खतरनाक रूप, आज एवलांच की चेतावनी, बारिश-बर्फबारी बढ़ाएगी ठिठुरन

Weather Alert : मौसम फिर से खतरनाक रूप दिखा सकता है। जहां एक ओर आईएमडी ने आज विभिन्न जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं दूसरी ओर डीआरआई चंडीगढ़ ने विशेष बुलेटिन जारी कर आज पहाड़ों में एवलांच आने का अलर्ट जारी किया है।

2 min read
Mar 24, 2026
उत्तराखंड में आज बारिश और पहाड़ों में एवलांच आने का अलर्ट जारी हुआ है

Weather Alert : खराब मौसम के बीच आज पश्चिमी विक्षोभ फिर से असर दिखा सकता है। इधर, डीआरआई ने आज उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के तीन हजार मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए खतरे का स्तर-दो का एवलांच आने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिले में खतरे का स्तर-एक वाले एवलांच आने का खतरा जताया है। डीजीआरई ने लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर चल रहा है। इससे पहाड़ों में काफी बर्फ जमा हो चुकी है। इसके कारण अब पहाड़ों में एवलांच का खतरा मंडरा रहा है। इधर, आईएमडी ने आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक आज राज्य में 33 सौ मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में ये अजीब से बदलाव देखने को मिल रहा है। मार्च समाप्ति की ओर है, लेकिन अभी भी प्रदेश में ठंड बरकरार है। मौसम वैज्ञानिक इसे सीजन शिफ्टिंग भी मान रहे हैं।

आ रहे दो पश्चिमी विक्षोभ

मौमस विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। पहला विक्षोभ 26 जबकि दूसरा 29 मार्च से एक्टिव होगा। आईएमडी ने 26 मार्च को यूएस नगर और हरिद्वार छोड़ सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक 27 मार्च को पूरे राज्य में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। 28 मार्च को राज्य के पांच पर्वतीय जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं, 29 और 30 मार्च को सभी जिलों में झमाझम बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने 27 मार्च को पांच पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली कड़कने और 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार तक के अंधड़ चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।

Published on:
24 Mar 2026 12:49 pm
Also Read
View All

अगली खबर