देहरादून

मौसम कुछ ही घंटों में लेगा करवट : नौ जिलों में बारिश की चेतावनी, चार डिग्री तक गिरेगा तापमान

Weather Forecast : मौसम अगले कुछ ही घंटों के भीतर करवट बदल सकता है। आज राज्य के नौ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। साथ ही मौसम विभाग ने आज ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फ पड़ने की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग ने आज कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आने की भी संभावना जताई है।

2 min read
Feb 18, 2026
उत्तराखंड में आज बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी हुआ है

Weather Forecast : मौसम कुछ ही घंटों में उग्र रूप दिखाने को बेताब है। बता दें कि आज सुबह से ही उत्तराखंड में बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाएं ठंडक पैदा कर रही हैं। लोग अलाव सेंककर ठंड से राहत पाने में जुटे हुए हैं। हालांकि कल तक यानी फरवरी के दूसरे पखवाड़े में ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। कल दून में पारा सामान्य से छह डिग्री उछलकर 29 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था।मंगलवार को देहरादून का मौसम पूरी तरह से बदला हुआ नजर आया। चटख धूप के चलते अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक रहा। फरवरी में ही मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास होने लगा था। उसके बाद आज मौसम अचानक बदल गया था। सुबह से ही पर्वतीय इलाकों में आसमान बादलों से ढका हुआ था। शाम होने से पहले बादल और भी घने होने लगे हैं। इसके चलते ठंड में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। हिमालय में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण आज शाम से मौसम करवट बदल सकता है। आईएमडी ने आज चमोली और उत्तरकाशी में कुछ स्थानों जबकि रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिले में कहीं-कहीं बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने आज राज्य में 33 सौ मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के भी आसार जताए हैं। मौसम विभाग ने कल यानी 19 फरवरी को भी चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं बारिश और 3300 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों तक बर्फ पड़ने की संभावना जाहिर की है।

23-24 फरवरी को भी बारिश के आसार

आईएमडी ने आज और कल उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी ने 20, 21 और 22 फरवरी को मौसम शुष्क रहने के आसार जताए हैं। आईएमडी के मुताबिक एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 23-24 फरवरी को राज्य के पांच पर्वतीय जिले उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश हो सकती है। साथ ही इन दो दिनों में 3300 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों तक बर्फ गिरने की भी संभावना रहेगी।

Published on:
18 Feb 2026 07:08 pm
Also Read
View All

अगली खबर