
देवघर: झारखंड के देवघर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मां और बेटी की हत्या कर दी गई। दोहरे हत्याकांड से जिले में सनसनी फैल गई। पुलिस की तत्परता से महज 10 घंटे में ही हत्या की गुत्थी सुलझ गई। हत्यारा कोई और नहीं महिला का नाबालिग बेटा था। उसने इस घटना को क्यों अंजाम दिया पुलिस की ओर से इसका भी खुलासा किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात देवघर जिले में गोपाल प्रसाद के कचहरी रोड स्थित घर में उनकी 46 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी और 22 वर्षीय बेटी भारती कुमारी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। शहर में यह खबर आग की तरह फैल गई। लोग दहशत में थे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि दोनों मां—बेटी की खून से सनी लाशें फर्श पर पड़ी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद से ही गोपाल प्रसाद का नाबालिग बेटा जो कि इंटर का छात्र है, घर से फरार था। शक की सुई उसकी ओर घूमी। पुलिस को सूचना मिली कि वह जसीडीह में छिपा है। देवघर एसपी पीयूष पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया। नाबालिग युवक को पकड़ने के लिए टीम जसीडीह पहुंची। उसे निरूद्ध किया गया।
पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह घबराकर रोने लगा। उसने कबूला कि मां और बहन का कत्ल उसी ने किया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या के दौरान काम में लिया गया चाकू भी बरामद किया। आरोपी ने बताया कि आर्थिंक तंगी और घर में होने वाले क्लेश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।