
Dewas Woman Death: मध्यप्रदेश के देवास जिले के सतवास में पुनासा रोड स्थित पुनर्वास में बीते गुरुवार को हुई महिला की हत्या और उसकी बेटी पर जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक वारदात को दो नाबालिगों ने अंजाम दिया। दोनों ने वारदात से पहले दो-तीन बार क्षेत्र की रैकी की थी। बाद महिला के गले में पहनी सोने की चेन लूटने के इरादे से घर में घुसे और माया शर्मा पर हमला कर दिया। इस दौरान बेटी रानू ने बचाने की कोशिश की तो उस पर भी हमला कर दिया गया। घटना में माया शर्मा की मौत हो थी जबकि रानू गंभीर घायल हो गई।
पुलिस के मुताबिक दोनों नाबालिग शौक पूरा करने के लिए चेन लूटना चाहते थे और इसी के चलते वारदात की योजना बनाई थी। कार्रवाई में सतवास थाना प्रभारी आशीष पाल, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी, निरीक्षक राहुल रावत सहित सतवास, खातेगांव और अन्य थानों की पुलिस टीम, साइबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।
घटना के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके बाद शुक्रवार को जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने आसपास के करीब 150 से 200 कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और 8 से 10 लोगों से पूछताछ की। इंदौर में उपचाररत रानू से मिली जानकारी व कैमरों की रिकॉर्डिंग और घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों से मिलाया गया।
जांच में वारदात से पहले की गई रैकी सामने आई और दो नाबालिगों की भूमिका स्पष्ट हुई। इसके बाद दोनों से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ कि तो दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर सोने की चेन के दो टुकड़े, दो मोबाइल फोन, काले रंग का चाकू कवर, हत्या में इस्तेमाल चाकू और भारी लोहे का बाट बरामद किया गया।
पुनर्वास में रहने वाली 55 वर्षीय माया शर्मा का शव गुरुवार को उनके ही घर में मिला था। घर में उनकी बेटी रानू भी घायल हालत में मिली थी जो कि अपनी 3 साल की बेटी के साथ रक्षाबंधन पर मां के घर आई थी। बताया जा रहा है कि 3 साल की बच्ची जब रोते हुए घर से बाहर निकली तो उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था। खून देखकर आसपड़ोस में रहने वाले लोगों को आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तब घटना का पता चला। पुलिस ने माया शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल बेटी रानू को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था।