Theft in Judge House: मध्य प्रदेश के देवास में जज सौरभ जैन के घर लाखों रुपयों के गहनों की चोरी की वारदात हुई। जज अपने परिवार के साथ कोलकाता गए थे।
Theft in Judge House: मध्य प्रदेश के देवास में जज के घर की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। अलकापुरी क्षेत्र में स्थित जज सौरभ जैन के घर लाखों की चोरी की वारदात हुई है। जज साहब अपने परिवार के साथ कोलकाता गए हुए थे। चोर खिड़की के रास्ते घर के अंदर घुसे और करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने ले गए। चोरी का पता जज साहब को कोलकाता से वापस आने के बाद लगा। उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जज सौरभ जैन 31 जनवरी की रात अपने परिवार के साथ कोलकाता धार्मिक यात्रा पर गए थे। वापस लौटने के बाद उन्होंने जब घर का ताला खोला तो देखा की अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ है। जैन ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस कुछ देर बार डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट टीम के साथ मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद राहुल पंवार भी मौके पर पहुंच गए थे।
पुलिस को जज सौरभ जैन की पत्नी ने बताया कि उन्होंने घर से निकलते समय घर की खिड़की बंद की थी लेकिन जब वह वापस आई तो खिड़की खुली हुई थी। पुलिस ने बताया कि चोरों ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया है। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने निकाल लिए। आभूषणों की कीमत करीब 2.50 से 3 लाख रुपए बताई जा रही है। चोरों ने हॉल में रखे शोकेस का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया था। पुलिस के अनुसार, चोर लंबे समय तक घर में मौजूद थे, क्योंकि कि उन्होंने रसोई में रखे काजू तक खा लिए।