
धमतरी. अपने एक रिश्तेदार से बाइक लेकर घूमने-फिरने के लिए निकले युवक अजय नेताम और उसका साथी हुलेश सपहा की सडक़ दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनकी बाइक नेशनल हाइवे में डिवाइडर से टकरा गई थी।
उल्लेखनीय है कि शनिवार की रात रामपुर निवासी अजय नेताम (23), अपने साथी हुलेश सपहा (17) रामपुर और संजय सोनकर (18) के साथ पल्सर क्रमांक सीजी 05 वी-7674 से घूमने निकला था। बताया गया है कि इस बीच तीनों बस्तर रोड स्थित एक ढाबा में गए। वहां से खाना खाने के बाद वापस शहर लौटकर मकई चौक की तरफ आए। कुछ देर यहां रूकने के बाद तीनों बाइक से घर वापस लौट रहे थे, कि तभी उनकी बाइक हाइवे में बाम्बे गैरेज के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
गौरतलब है कि पल्सर की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद तीनों युवक करीब सौ मीटर दूर फेंका गए। हादसे में अत्यधिक चोट लगने से अजय नेताम और हुलेश सपहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और हाथ-पैर में चोटें आई है। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेकाहारा रिफर कर दिया गया। बताया गया है कि उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
बताया गया है कि जिस बाइक में दुर्घटनाग्रस्त हुए है, वह अजय के एक रिश्तेदार की है। थोड़ी देर घूमकर आने की बात कहकर बाइक लेकर गए थे। गाड़ी भी वह खुद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसकी बाइक काफी स्पीड में थी, जिस पर वह नियंत्रण नहीं कर सका और हादसे का शिकार हो गया।
गौरतलब है कि मृतक अजय नेताम पिता केशव राम तीन भाईयों में सबसे छोटा था। पिता राइस मिल में मुंशी का काम करता है। इसी तरह हुलेश पिता बिसहत राम दो भाईयों में बड़ा था। वह मजदूर परिवार से था तथा खुद भी सब्जी मंडी में काम करता था। सडक़ हादसे में दोनों की मौत के बाद रामपुर में शोक का माहौल है। चीरघर में सुबह पोस्टमार्टम के दौरान भी बड़ी संख्या में वार्डवासी एकत्रित थे।