धमतरी

CG News: मेहमान थे 200, सबकी उम्र 100 पार, हर एक की जुबां पर था – 4 बज गए, लेकिन पार्टी अभी बाकी है

CG News: 80-90 साल की दादियों ने कंपकपी हाथों से माइक थामा और न केवल गीत गाए, बल्कि ठुमके भी लगाए। 102 साल की हूर जगमलानी ने ठुमके लगाए तो बाकी दादियों में भी जोश भर गया।
2 min read
May 15, 2024
Dhamtari news

CG News: जन्म दिन, पिकनिक, मनोरंजनात्मक खेल ये शब्द पढ़ने से ही उत्साह और आनंद की अनुभूति होने लगती है। ये आयोजन यदि सिर्फ दादियों के लिए हो तो रोमांच और भी ज्यादा बढ़ जाता है। कुछ ऐसा ही कार्यक्रम मंगलवार को शहर के मकई गार्डन में सिंध शक्ति महिला संगठन ने कराया। कार्यक्रम का नाम था दादी मां की पिकनिक। इस आयोजन में 200 से अधिक दादियों ने हिस्सा लिया। 90 से 102 साल की 25 और शेष दादी 60 से 99 साल की थी। इस विशेष आयोजन को लेकर समाज की महिलाओं ने विशेष तैयारी की।

दादियों को पैदल चलना न पडे़, इसलिए गार्डन के गेट से आयोजन स्थल तक ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई थी। यहां दादियों का तिलक आरती उतार कर अभिनंदन किया गया। सभी को संघ द्वारा बैच पहनाया गया और चरण छूकर फूलों से स्वागत किया गया। गीत-संगीत से कार्यक्रम शुरू हुआ। 80-90 साल की दादियों ने कंपकपी हाथों से माइक थामा और न केवल गीत गाए, बल्कि ठुमके भी लगाए। 102 साल की हूर जगमलानी ने ठुमके लगाए तो बाकी दादियों में भी जोश भर गया। वहीं 82 साल की द्वारी बतानी ने सबसे ज्यादा डांस कर खुशियां मनाई। इसी तरह 102 साल की चन्द्र बजाज सहित अन्य बुजुर्गो ने भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

Unique Birthday Of Elders Ladies: तिथि मालूम नहीं, पर एक साथ कटे केक

अधिकांश दादियों को उनकी जन्म तिथि भी मालूम नहीं थी। ऐसे में सभी दादियों को एक मंच पर लाकर एक साथ केक कटवाया गया। हूर जगमलानी, द्वारी बतानी, चन्द्र बजाज ने कहा कि इस आयोजन से ऐसा लग रहा मानो बुढ़ापा नहीं, बचपना हो। एक साथ वर्षो के बाद दादियों की महफिल सजी। पुरानी सहेलियों से मिलने का मौका मिला। जन्म तिथि जो भी हो, लेकिन 14 मई 2024 यादगार बन गया।

Unique Birthday Of Elders Ladies: दादियों की खुशी ही परिवार की ताकत

सिंध शक्ति महिला संगठन की अध्यक्ष पार्वती वाधवानी, प्रिया पंजवानी, साक्षी वाधवानी, दीशा कामरानी, पलक सुंदरानी, रोमा राहूजा ने कहा कि एक शाम दादियों के नाम वाकई यादगार बन गया। यह सिर्फ एक पिकनिक ही नहीं, दादियों को खुशी देने का नाम अवसर है। क्योंकि दादियों, बुजुर्गो की खुशी ही परिवार की ताकत होती है। महिला संगठन ने सोचा कि हर बार तो अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम कराते हैं। बुजुर्गो को भी ऐसा एक मौका मिले और वे भी खुलकर अपने हमउम्र साथियों के साथ जमकर पिकनिक का आनंद लें। इसी उद्देश्य को लेकर यह कार्यक्रम रखा गया था। 90 से 102 साल की दादियों को थिरकते देख मन प्रफुल्लित हो गया। इस आयोजन को देखने आसपास के लोग भी पहुंचे। सबने कार्यक्रम की सराहना की। आयोजन में रिया सोनेटा मोना वाधवानी, सरला डोडवानी, श्वेता नानकानी, शारदा चावला, किरण ग्वालानी, संगीता वाधवानी, कुमकुम रेवलानी, अनन्या आसवानी, दीपा जसवानी, प्रीति पिंजानी, हेमा पोपटानी, मुस्कान मोटवानी, सीमा सुंदरानी, प्रार्ची लालवानी, बंटी वाधवानी, किशोर चारवानी आदि का सहयोग रहा।

Updated on:
15 May 2024 06:41 pm
Published on:
15 May 2024 06:41 pm