4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

इलाज के दौरान दम तोड़ गईं अनीता, मोबाइल कॉल के शक में हुई थी चाकूबाजी

Mobile Recharge Dispute: धमतरी के कुरुद में मोबाइल रिचार्ज और दूसरे युवक से बातचीत के शक में महिला पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर घायल अनीता मंडावी ने रविवार को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
2 min read
Google source verification
Rice Mill Stabbing

भर्ती अनीता की इलाज के दौरान मौत (Photo Source- Patrika Create)

Rice Mill Stabbing: धमतरी के कुरुद में राइस मिल में हुई चाकूबाजी की घटना अब हत्या के मामले में बदल गई है। 2 अक्टूबर को भोथली रोड स्थित बालाजी राइस मिल में विवाद के बाद चाकू से हमला किए जाने से गंभीर रूप से घायल अनीता मंडावी ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी दुलेश्वर टंडन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब महिला की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

Mobile Recharge Dispute: मोबाइल रिचार्ज को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार, कोंडागांव क्षेत्र की रहने वाली अनीता मंडावी बालाजी राइस मिल में रेजा का काम करती थी। भांठागांव निवासी दुलेश्वर टंडन भी इसी राइस मिल में काम करता था। दोनों के बीच पहले से पहचान थी। पुलिस जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दुलेश्वर अनीता के मोबाइल पर अपने पैसों से रिचार्ज करवाता था। इसी दौरान उसे शक होने लगा कि अनीता किसी दूसरे युवक से मोबाइल पर बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने की जानकारी सामने आई है।

विवाद के बाद घर पहुंचा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद होने के बाद दुलेश्वर अनीता के घर पहुंचा था। वहां दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से अनीता पर कई वार कर दिए। हमले में अनीता के कमर, जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे तत्काल कुरुद अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे धमतरी रेफर किया गया।

इलाज के दौरान अनीता ने तोड़ा दम

अनीता का धमतरी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की निगरानी में उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार हुआ था आरोपी

चाकूबाजी की सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 327/2026 दर्ज किया था। आरोपी दुलेश्वर टंडन पिता लक्ष्मीप्रसाद टंडन, उम्र 25 वर्ष, को पुलिस ने घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया था। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महिला की मौत के बाद बदलेगी कार्रवाई

पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में मामले में धारा 333 और 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया था। अब अनीता मंडावी की मौत के बाद पुलिस प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर धाराओं में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। पुलिस अब घटना के कारण, दोनों के बीच हुए विवाद और हमले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी जेल में है और महिला की मौत के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।