CG Strike: 16 दिसंबर से ऑनलाइन काम अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। इससे राजस्व के 1700 से अधिक प्रकरणों का निराकरण नहीं हो रहा है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है..
CG Strike: इंटरनेट भत्ता, कम्प्यूटर-लेपटॉप देने समेत अन्य मांगों को लेकर जिले के पटवारियों ने प्रदेश राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर 16 दिसंबर से ऑनलाइन काम अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। इससे राजस्व के 1700 से अधिक प्रकरणों का निराकरण नहीं हो रहा है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष जीवराखन कश्यप ने बताया कि प्रांतीय संघ की मांग पर शासन ने ऑनलाइन कार्यों के लिए जिले के पटवारियों को संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला था, लेकिन संसाधन अब तक उपलब्ध नहीं हो पाया है। इससे काम करने में परेशानी हो रही है। अनदेखी को लेकर चरणबद्ध आंदोलन के तहत 9 दिसंबर को पटवारियों ने काला ड्रेस कोड पहनाकर मांगों के संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
10 दिसंबर से सभी पटवारियों ने विरोध स्वरूप काली पट्टी लगाकर काम किया। मांगों को पूरा करने के लिए 15 दिसंबर का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई इसलिए 16 दिसंबर से पटवारियों ने ऑनलाइन काम अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। इधर ऑनलाइन पर ब्रेक लगते ही लोग तहसील कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पटवारियों के डिजिटल हस्ताक्षर के बिना राजस्व के कार्य नहीं हो रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
बता दें कि धमतरी जिले में कुल 180 पटवारी कार्यरत हैं। नक्शा सुधार, बटांकन, फौती नामांतरण, सीमांकन सहित राजस्व के अन्य कार्य इन्हीं के माध्यम से होता है। वर्तमान में सभी कार्य ऑनलाइन कर दिए गए हैं। जबकि पटवारियों ने ऑनलाइन कार्यों का बायकाट कर दिया है। इससे नई रजिस्ट्री सहित इश्तहार प्रकाशन पर भी पूरी तरह से ब्रेक लग गया है। यदि जल्द ही पटवारी काम पर नहीं लौटे तो जिले के राजस्व दफ्तरों में राजस्व प्रकरणों के पेडेंसी बढ़ जाएगी।