
धमतरी. छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों के अंतराल में जिले में तीन महिलाओं की संदिग्ध लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। इनमें से दो लाश बहुत ही हालत में मिली है। लाशों की हालत के कारण उनकी पहचान करने में काफी मुश्किलें आ रही है। पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
धमतरी जिले में लगातार एक के बाद एक तीन महिलाओं की लाश मिलने का मामला सामने आया है। बुधवार को कुरूद थाना के ग्राम राखी में एक खेत में अधेड़ महिला की लाश मिली। किसान हेमंत सोनवानी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी शिनाख्त कराई। बताया गया है कि मृतका की पहचान ताराबाई (62) के रूप में हुई है।
मृतका के पुत्र लेखराम सिन्हा ने बताया कि 8 मई की सुबह साढ़े 9 बजे वह घर से अचानक लापता हो गई। गांव में पूछ ताछ करने के बाद भी जब नहीं मिली, तो इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी थी, तबतक अचानक लाश मिलने से पूरा परिवार सकते में हैं। आसपास के लोगों का मानना है कि यह किसी सनकी का काम है। जो अकेली महिलाओं को अपना शिकार बना रहा है।
गौरतलब है कि इसके पहले सोमवार को दुगली थाना के ग्राम मारागांव के जंगल में एक महिला की क्षत-विक्षत लाश मिली थी। उसकी अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। इसके दूसरे दिन मंगलवार को भी नगरी थाना के ग्राम भोथली के जंगल में कुंती बाई ध्रुव की क्षत-विक्षत लाश मिली थी। बताया गया है कि वह तेंदूपत्ता तोडऩे के लिए जंगल गई थी। पुलिस ने मुखबिरों का जाल फैला दिया है।
एएसपी केपी चंदेल ने बताया कि पुलिस महिलाओं के लाश मिलने के मामले को काफी गंभीरता से ले रही है। पुलिस की टीम पतासाजी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामला और ज्यादा स्पष्ट हो जाएगा।