धनबाद

इस छोटी सी बात को लेकर रेलवे स्टेशन पर भिड़े यात्री और टिकट कलर्क,एक यात्री घायल

मारपीट में यात्री लहूलुहान हो गया था,उसके सिर से खून निकल रहा था...
less than 1 minute read
• •
Updated: 22 Oct 2018, 2:55 PM IST
railway station
railway station

(धनबाद): धनबाद रेल मंडल के मॉडल रेलवे स्टेशन डालटनगंज पर रविवार रात यात्री और टिकट बुकिंग क्लर्क के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान टिकट काउंटर पर यात्रियों ने तोड़फोड़ कर दी। मारपीट में जख्मी एक यात्री गढ़वा के नवादा निवासी अशोक कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट में यात्री लहूलुहान हो गया था। उसके सिर से खून निकल रहा था।


इस बात को लेकर चले लात घूंसे

बताया गया है कि मुगलसराय रेल मंडल अंतर्गत डेहरी ऑन सोन में इंटरलॉकिंग का काम होने के कारण कई यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। एक यात्री कथित रद्द ट्रेन के टिकट की मांग कर रहा था। यात्री का कहना था कि नेट पर ट्रेन के बारे में बताया जा रहा है, जबकि बुकिंग क्लर्क का कहना था कि ट्रेन कैंसिल है। इसी बात पर दोनों के बीच तू-तू मैं-मैं हुई और गाली गलौज शुरू हो गई। यात्री का आरोप है कि जब नेट पर मौजूद ट्रेन की जानकारी दी गई तब भी बुकिंग कलर्क टिकट देने से मना कर दिया और नेट के किसी सिस्टम को मानने से इनकार कर दिया। इसी क्रम में क्लर्क ने यात्री के साथ मारपीट की। यात्री के साथ मारपीट के बाद गुस्साए यात्रियों ने भी जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इस घटना में बुकिंग क्लर्क को भी चोट लगी है।


मारपीट के बाद करीब आधे घंटे तक टिकट काउंटर बंद रहा। स्टेशन प्रबंधक अनील कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। अगर रेलकर्मी दोषी होंगे तो उन पर भी कार्रवाई होगी। मारपीट के बाद मौके पर जीआरपी के जवानों को तैनात किया गया है। डालटनगंज रेलवे स्टेशन का टिकट काउंटर अक्सर विवादों में रहता है। टिकट काउंटर को लेकर यात्रियों ने कई बार शिकायत की है।

Updated on:
22 Oct 2018, 2:55 PM IST
Published on: