धनबाद

Dhanbad land subsidence: धनबाद में अचानक धंसी ज़मीन, कई घरों में बड़ी दरारें; दहशत में घर छोड़कर भाग रहे लोग

Dhanbad News झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में मंगलवार को अचानक भू-धंसान होने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। मकानों की दीवारों और फर्श में बड़ी दरारें पड़ने से लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए।
2 min read
Jul 08, 2026
Dhanbad land subsidence
फोटो -(AI Generated)

Dhanbad land subsidence: झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद में मंगलवार को अचानक भू-धंसान होने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। मकानों की दीवारों और फर्श में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में भू-धंसान की घटना हुई हो। इससे करीब 10 महीने पहले कतरास के रामकनाली में बीसीसीएल के एरिया-4 के तहत संचालित मां अंबे आउटसोर्सिंग कंपनी में भी जमीन धंस गई थी। उस हादसे में कंपनी की एक सर्विस वैन करीब 400 फीट गहरी पानी से भरी खाई में गिर गई थी, जिसमें छह मजदूर सवार थे।

डर के साए में गुजरी पूरी रात

स्थानीय लोगों के अनुसार, भू-धंसान की चपेट में आने से चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि कई अन्य घरों की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गई हैं। दोबारा जमीन धंसने के डर से कई परिवार मंगलवार की पूरी रात घरों के बाहर रहने को मजबूर रहे।

प्रभावित लोगों का कहना है कि यदि फिर से भू-धंसान हुआ तो कई और मकान इसकी चपेट में आ सकते हैं। इसी भय के कारण वे घरों के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं और खुले में रात बिताने को मजबूर हैं।

भू-धंसान के बाद फूटा लोगों का गुस्सा

मंगलवार को हुई इस घटना के बाद कतरास के लोगों में भारी आक्रोश है। नाराज ग्रामीणों ने कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे गरीब तबके से हैं और इस हादसे के बाद अचानक अपना घर छोड़कर कहां जाएं। हम लोगों की मांग नहीं मानी जायेगी तो हम लोग फिर सड़क जाम करेंगे।

ग्रामीणों ने आगे कहा कि घरों की दीवारों और फर्श में दरारें पड़ने लगीं, जिसके बाद जान बचाने के लिए उन्हें बाहर निकलना पड़ा। उनका कहना है कि अब घर के अंदर जाने में भी डर लग रहा है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से उचित मुआवजा, सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास और क्षेत्र में स्थायी समाधान की मांग की है।

अवैध खनन पर उठे सवाल

प्रभावित परिवारों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा हालात का जायजा लिया। अधिकारी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कतरास में इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के कारण बार-बार भू-धंसान की घटनाएं सामने आती हैं।

Updated on:
08 Jul 2026 09:03 am
Published on:
08 Jul 2026 08:50 am