धार

उज्जैन से धामनोद तक फैला हथियार सप्लाई नेटवर्क? पुलिस के एक्शन से मचा हड़कंप

Illegal Arms Smuggling : जिले के सिंघाना चोकी पुलिस ने अवैध हथियारों तस्करी का भंडाफोड़ किया है। सिकलीगर समेत 3 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिस्तौल और कारतूस का जखीरा बरामद किया है।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
Illegal Arms Smuggling
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स: Patrika)

Dhar News :मध्य प्रदेश के धार जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मनावर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाली सिंघाना चौकी पुलिस ने इस कार्रवाई में एक सिकलीगर समेत दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, आरोपियों के कब्जे से देशी पिस्तौल, बारह बोर के कट्टे और जिंदा कारतूस का जखीरा बरामद किया है।

बताया जा रहा है कि, जिले की सिंघाना चौकी पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी के संबंध में अपने खूफिया तंत्रों से जानकारी मिली थी। इसपर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर घेराबंदी कर 3 आरोपियों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपी उज्जैन और धामनोद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी पिस्तौल, तीन बारह बोर के कट्टे और 9 एमएम के चार जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त किए हैं।

इन संभावनाओं को तलाश रही पुलिस

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है। जांच में ये भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि, अवैध हथियार बनाने की कथित फैक्ट्री कहां संचालित हो रही है? क्या वो मध्य प्रदेश में ही मौजूद है या बाहर किसी राज्य में संचालित है और हथियारों का निर्माण किन परिस्थितियों में किया जा रहा है? इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि, इन हथियारों की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस नेटवर्क से अन्य कौन कौन लोग और भी जुड़े हुए हैं?

अवैध हथियारों की तस्करी पर नकैल!

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों की खरीद - फरोख्त पर नकैल कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल, मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Updated on:
19 Oct 2026 06:31 pm
Published on:
19 Oct 2026 06:22 pm