
मरीजों से मिलने पहुंचे सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स: Patrika)
Gwalior News:मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के चिनोर रोड पर स्थित शीतला माता मंदिर दर्शन करने आए 45 से अधिक श्रद्धालुओं को अनियंत्रित ट्रक द्वारा रौंदे जाने के मामले में आज सोमवार 19 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री मोहन यादव हादसे के पीड़ितों और उनके परिजन से मुलाकात करने जेएएच के ट्रामा सेंटर पहुंच गए हैं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट भी मौजूद रहे।
अस्पताल पहुंचकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भर्ती घायलों का हालाल जाना। यहां उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों से बातचीत करते हुए भर्ती मरीजों की मौजूदा स्थिति और उन्हें दिए जा रहे उपचार की जानकारी भी ली। साथ ही, चिकित्सकों को उचित उपचार देने के निर्देश दिए।
घायलों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, बीती रात एक घटना घटी थी। हम उस घटना में घायल हुए लोगों से मिलने आए हैं। हम घायलों को बेहतर चिकित्सा दिलाने के लिए तत्पर हैं। इसी के चलते हमने घटना की जांच के निर्देश भी दे दिए हैं। हर व्यक्ति की चिंता करने का काम सरकार का है। सरकार सभी के साथ खड़ी है। इस घटना के दोषियों पर कार्रवाई होगी।
सीएम ने कहा कि, घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैय्या कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी, लेकिन घायलों को हर संभव बेहतर उपचार मिले, ये सुनिश्चित किया जा रहा है। चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार, अधिकांश घायलों की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार है। हालांकि, एक-दो गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
आपको बता दें कि, बीती शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार ट्रक नो-एंट्री जोन में घुसकर मंदिर के बाहर मौजूद कई श्रद्धालुओं पर चढ़ गया था। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि 28 से 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
इधर, मुख्यमंत्री के ग्वालियर पहुंचने से पहले जेएएच प्रबंधन ने ट्रामा सेंटर में भती मरीजों के परिजन को अस्पताल से बाहर निकाल दिया, जिसके चलते मरीजों के परिजन में खखासा नाराजगी देखने को मिली। ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों के परिजन का कहना है कि, हमारे परिजन अस्पताल में भती हैं। उन्हें किसी तरह की सम्स्या नहीं आ सकती क्या? क्या सीएम के यहां रहते समय उन्हें किसी चीज की जरूरत नहीं पड़ेगी? अगर इस अवधि में उनके भर्ती मरीज को कोई समस्या आती है तो इसका जवाबदार कौन होगा?
इस दर्दनाक हादसे के बाद सीएम मोहन यादव ने कड़ा एक्शन लेते हुए झांसी रोड के सिटी एसपी को हटाने के साथ साथ तीन थाना प्रभारियों समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गवाने वालों को 4-4 लाख और घायलों को 50-50 हजार मुआवजा राशि देने की घोषणा की है। वहीं, कलेक्टर रुचिका चौहान ने मामले में अपर कलेक्टर की निगरानी में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश देते हुए 7 दिनों में घटना के कारणों की स्पष्ट रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
19 Oct 2026, 8:41 PM IST
Published on:
19 Oct 2026, 1:55 PM IST
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़




