MP News: बीते दिन कर्मचारी की लाश सुसारी से लगभग दो किमी. दूर मिली है, जिसकी पहचान साहिल (21) निवासी डही के रूप में हुई, जो वाहन शोरूम का कर्मचारी है।
MP News: जिले के डही में 11 अप्रेल को तीन बदमाश वाहन चोरी की नीयत से पहुंचे और निजी शोरूम से एसयूवी लेकर फरार हो गए। इस मामले में 48 घंटे में लूट, अपहरण और हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें दो बाल अपचारी भी शामिल है ।
पुलिस ने बताया कि गाड़ी में शोरूम का कर्मचारी भी सवार था। बदमाशों द्वारा कर्मचारी का अपहरण कर रास्ते में उसकी हत्या दिया और लाश को झाडिय़ों के बीच फेंक दिया। भागते समय एसयूवी अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसे बदमाश छोड़कर भाग निकले। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। बीते दिन कर्मचारी की लाश सुसारी से लगभग दो किमी. दूर मिली है, जिसकी पहचान साहिल (21) निवासी डही के रूप में हुई, जो वाहन शोरूम का कर्मचारी है।
जानकारी के अनुसार हारून खत्री सेकंड हैंड वाहनों की बिक्री करने का शोरूम संचालित करते हैं। 11 अप्रेल को दोपहर करीब 12 बजे तीन लोग डही में हारुन खत्री के वाहन शोरूम पर पहुंचे थे, जिन्होंने एसयूवी वाहन खरीदने की इच्छा जताई और गाड़ी पंसद करने के बाद टेस्ट ड्राइव लेने की बात कही। हारुन ने गाड़ी के साथ अपने कर्मचारी साहिल को उन लोगों के साथ भेज दिया। बदमाश पुलिस का लोगो लगे वाहन लेकर सुसारी-गंधवानी की ओर निकल गए। देर तक वाहन और साहिल वापस नहीं लौटा तो हारून खत्री ने डही थाना पुलिस में घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस छानबीन करने में जुटी। आसपास क्षेत्र में घेराबंदी की गई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चोरी करने के इरादे से आए थे और भागते समय वाहन रास्ते में पलट गया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने वाहन शोरूम के कर्मचारी साहिल की हत्या कर दी। इसके बाद शव को फेंक दिया। वाहन सुसारी के पास पलटी खाया हुआ पड़ा मिला। इस जगह से करीब दो किमी दूर साहिल की लाश पड़ी हुई मिली। शव रविवार शाम 5 बजे मिला। इसके बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। शव को कुक्षी लाने के बाद पीएम कर परिजनों को सौंपा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि एसयूवी वाहन (एमपी 04 टीबी 3572) को लेकर बदमाश भागे थे। डही निवासी हारुन खत्री सेकंड हैंड गाडिय़ों को खरीदकर बेचने का काम करते हैं। उन्होंने उक्त वाहन को शाजापुर से 7 अप्रेल को खरीदा था। वहीं दो दिन वाहन की इंदौर में मरम्मत कराने के बाद 9 अप्रेल को डही लेकर पहुंचे। वाहन के आगे के ग्लास के पास पुलिस का लोगो लगा हुआ था। 11 अप्रेल को आरोपियों ने खत्री के सामने वाहन खरीदने की बात कही और गाड़ी लेकर फरार हो गए थे।
जिले में लगातार हत्या की घटना सामने आने से पुलिस के लिए भी चुनौती बढ़ गई है। हाल ही में 7 अप्रेल को राजोद थाना क्षेत्र में मिर्च व्यापारी की जघन्य हत्या हुई थी। इसके बाद यह दूसरी घटना है। वारदात से क्षेत्र में भी हड़कंप मचा हुआ है।