जलती बाइक को देख दूर भाग रहे थे लोग, युवक आग का गोला बन चुकी बाइक के पास पहुंचा और बाइक की आग से जलाई बीड़ी, फिर जलती हुई बाइक पर बैठकर दिखाया टशन। मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल से बनाया वीडियो।
टीवी पर 'खतरों के खिलाड़ी' शो में आपने कलाकारों को कई बार खतरनाक स्टंट करते हुए देखा होगा। लेकिन धार में बीच सड़क पर असली जिंदगी में एक युवक ने जो स्टंट किया उसे देखकर आप भी उसे या तो सिरफिरा कहेंगे या फिर असली 'खतरों का खिलाड़ी'। दरअसल धार में मांडू रोड पर एक बाइक में आग लगने के बाद एक युवक ने जो किया उसे देखकर आपकी भी रूह कांप जाएगी।
जलती बाइक से जलाई बीड़ी
धार शहर में मांडू रोड पर एक बाइक में अचानक आग लगने से एक तरफ जहां अफरा तफरी मच गई और लोग जलती बाइक से दूर भाग रहे थे। वहीं दूसरी तरफ इसी बीच एक सिरफिरा वहां पहुंच गया। जिसने जेब से बीड़ी निकाली और फिर जलती हुई बाइक से बीड़ी सुलगाकर बीड़ी पीने लगा। वो बीड़ी जलाकर बाइक से कुछ दूरी पर गया और फिर एकदम से टशन दिखाते हुए वापस लौटा और फिर आग का गोला बन चुकी बाइक पर टिक कर खड़ा हो गया। इतना ही नहीं बाइक आग पकड़े हुई थी तभी युवक दोनों पैर कर बाइक की सीट पर पीछे की तरफ मुंह करके बैठ गया और अपने हाथ हवा में ऐसे उठाए जैसे वो लोगों को बता रहा हो कि वो ये सबकुछ जान बूझ कर रहा है। हालांकि इसी बीच फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई जिसका सायरन सुनकर सिरफिरा बाइक से उतर कर चला गया।
देखें वीडियो-
युवक की हरकतें देख लोग रह गए हैरान
जलती हुई बाइक से बीड़ी जलाते और उस पर युवक को बैठते देख मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। लोगों ने अपने मोबाइल से युवक का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहत की बात ये है कि जिस वक्त सिरफिरा युवक ये सारी हरकतें कर रहा था तब बाइक की पेट्रोल टंकी में ब्लास्ट नहीं हुआ वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस पर तरह तरह के कमेंट्स भी कर रहे हैं। एक शख्स ने तो ये भी लिखा है कि बिपाशा बसु जिगर से बीड़ा जलाने की बात गाने में कहती है लेकिन इसने तो जलती बाइक से बीड़ी जला डाली।
देखें वीडियो-