धर्म-कर्म

Janmashtami : जन्माष्टमी पर बन रहा बहुत दुर्लभ योग, सभी समस्याएं खत्म कर सकता है छोटा सा उपाय

Janmashtami 2026 : श्रीकृष्ण के मंदिरों में साज सज्जा प्रारंभ हुई, घरों में सजेंगी कृष्ण लीलाओं की झांकियां, कई शुभ योगों के साथ आ रही जन्माष्टमी
2 min read
Sep 01, 2026
janmashtami 2026
जन्माष्टमी पर बन रहा बहुत दुर्लभ योग (फोटो सोर्स- Chatgpt)

Janmashtami : सनातन धर्म में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का विशेष महत्व है। यह भगवान कृष्ण के जन्म की खुशी का त्योहार है। जन्माष्टमी वस्तुत: अधर्म का नाश करने और धर्म की स्थापना का प्रतीक पर्व है। इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी। विदिशा के धर्माधिकारी पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि इस बार पर्व पर कई शुभ योग आ रहे हैं। जन्माष्टमी पर अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र, जयंती योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, हर्षण योग, वज्र योग, उच्च राशि में चंद्रमा, उच्च राशि में गुरु, स्वराशि में शुक्र और सूर्य-बुधादित्य योग जैसे अति शुभ योग बन रहे हैं। कई वर्षों बाद यह दुर्लभ संयोग बन रहा है। शुभ योगों का यह संयोग, आपकी मनोकामनाएं पूर्ण करा सकता है। श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से सभी समस्याएं दूर हो सकती हैं।

द्वारका, गुजरात के विश्वविख्यात श्री द्वारकाधीश मंदिर में भी 4 सितंबर शुक्रवार को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं।

वैदिक ज्योतिष के अनुसार भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि के साथ जब रोहिणी नक्षत्र का संयोग बनता है, तब पाप नाशक जयंती योग का निर्माण होता है। जन्माष्टमी पर सभी मंदिरों में विशिष्ट रूप से भगवान का श्रृंगार किया जाता है। घरों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की झांकियां सजाई जाती हैं। पूजाघर में विराजमान लड्डू गोपाल का विशेष श्रृंगार किया जाता है। उन्हें झूला झुलाया जाता है, नए वस्त्र आभूषणों से सुशोभित किया जाता है।

सभी कार्यों में सफलता प्रदान करने वाला योग बनेगा

ज्योतिषाचार्य पंडित सोमेश परसाई के अनुसार पाप नाशक जयंती योग में भगवान श्रीकृष्ण का पूजन- अर्चना करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। सभी पापों का क्षय हो जाता है। सर्वार्थ सिद्धि योग सभी कार्यों में सफलता प्रदान करने वाला, सुख समृद्धि देने वाला होता है। हर्षण योग आर्थिक स्थिरता, समाज में मान सम्मान और पारिवारिक सुख देने वाला होता है।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का दिन आपकी मनोकामनाओं को पूरा करानेवाला हो सकता है

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का दिन आपकी मनोकामनाओं को पूरा करानेवाला हो सकता है। इस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण के विग्रह या लड्डू गोपाल को झूला झुलाएं और इच्छाएं उनके सामने व्यक्त करें। जीवन में कोई परेशानी या कठिन परिस्थिति चल रही है तो उनके निराकरण की कामना करें। अपनी परेशानियों को कागज पर लिखकर भगवान श्रीकृष्ण के विग्रह या लड्डू गोपाल के चरणों में समर्पित करें। समस्याओं से मुक्ति की प्रार्थना करें।

Updated on:
01 Sept 2026 11:05 am
Published on:
01 Sept 2026 11:05 am