बाड़ी रोड स्थित निभी के ताल के ओवर फ्लो होते पानी से जल्द ही हाइवे 11बी से गुजरने वालों को राहत मिलेगी। नेशनल हाइवे ऑफ अथॉरिटी (एनएचएआई) खनपुरा गांव के पास 120 मीटर का फोर लेन ओवर ब्रिज बनाने जा रहा है। जिसका प्रस्ताव पास हो गया है। तो वहीं हाइवे को फोर लाइन करने की प्रक्रिया भी चल रही है। हालांकि अभी इसमें लंबा समय लग सकता है।
- खनपुरा के पास फोर लेन ब्रिज बनाने का प्रस्ताव पास, जल्द जारी होंगे टेण्डर
- नेशनल हाइवे 11बी को फोर लाइन करने पर भी किया जा रहा विचार
- मानसून के दौरान ओवर फ्लो ओते निभी का ताल बना वार्षिक समस्या
- सुधरेंगी सर्विस रोड और एनएचएआई के सदर स्थित पार्क
धौलपुर. बाड़ी रोड स्थित निभी के ताल के ओवर फ्लो होते पानी से जल्द ही हाइवे 11बी से गुजरने वालों को राहत मिलेगी। नेशनल हाइवे ऑफ अथॉरिटी (एनएचएआई) खनपुरा गांव के पास 120 मीटर का फोर लेन ओवर ब्रिज बनाने जा रहा है। जिसका प्रस्ताव पास हो गया है। तो वहीं हाइवे को फोर लाइन करने की प्रक्रिया भी चल रही है। हालांकि अभी इसमें लंबा समय लग सकता है।
धौलपुर-करौली नेशनल हाइवे 11बी स्थिति निभी का ताल के मानसून के दौरान ओवरफ्लो होते पानी से हर वर्ष खड़ी होने वाले समस्या से वाहन चालकों को जल्द निजात मिलने वाली है। क्योंकि एनएचएआई निभी का ताल खनपुरा गांव के पास 120 मीटर का फोर लेन ओवर ब्रिज बनाने जा रहा है। जिसका प्रस्ताव भी पास हो चुका है। और अब इसके टेक्नीशियन और फाइनेंशियल इवेल्यूशन के बाद टेंडर प्रक्रिया जारी कर दी जाएगी। टेंडर जारी होने के बाद ओवर ब्रिज बनाने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा।
..तो टू लाइन हाइवे होगा फोर लाइन
अगर सब कुछ सही रहा तो आने वाले दिनों में हाइवे 11बी को टू लाइन से फोर लाइन में तब्दील किया जाएगा। जिसको लेकर सुगबुगाहट भी शुरू हो चुकी है। बताया जा रहा है कि हाइवे को फोर लाइन बनाने के लिए केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नीतन गडकऱी को प्रस्ताव भेजा गया है। मंत्री ने भी हाइवे को फोर लाइन बनाने के लिए प्रस्ताव पर डीओ लिखने का आश्वासन दिया है। हालांकि हाइवे के फोर लेन प्रस्ताव का ऑफिशियल अनाउसमेंट नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार हाइवे पर ट्रेफिक के बढऩे की स्थिति में हाइवे को फोर लाइन किया जाएगा जिसमें अभी वक्त लग सकता है।
दो वर्षों से खड़ी हो रही समस्या
मानसून के दौरान हाइवे 11बी पर निभी के ताल का ओवर फ्लो होना। पिछले दो वर्षों से क्षेत्र की वार्षिक समस्या बन गया है। ताल के ओवरफ्लो होने से आसपास के गांव सहित क्षेत्र में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और पानी हाइवे के ऊपर से होकर निकलने लगता है। समस्या को दूर करने खनपुरा गांव के पास हाइवे को काटकर पानी निकासी की व्यवस्था की जाती है। हाइवे को काटने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो जाता है और हाइवे से गुजरने वाले वाहनों को दूसरे वैकल्पिक रास्तों से निकालना पड़ता है। इस सीजन भी 30 दिनों तक हाइवे को बंद करना पड़ा था।
वैकल्पिक रास्तों का करना पड़ता है प्रयोग
हाईवे का लेवल और निभी के ताल के आखिरी सिरे का लेवल बराबर हैं। इस कारण ओवर फ्लो होने वाला पानी हाइवे पर जमा हो जाता है और आवागमन को प्रभावित करता है। हाइवे कटने के बाद लोग आठ मील से वनविहार और तालाबशाही पर होकर हाइवे तक पहुंच पा रहे हैं। यह रास्ता लगभग 15 से 20 किलोमीटर सिंगल रोड है। उस पर भी कई जगह गहरे गड्ढे व रोड बुरी तरह क्षतिग्रस्त है।
261 करोड़ से संवरा था एनएच 11बी
राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 11बी का चौड़ीकरण टू लाइन किया गया था। हाइवे गुलाब बाग चौराहे से करौली के मासलपुर तिराहे तक लगभग 100.9 किलोमीटर की लंबाई का है। जिसमें 72 किलोमीटर का हिस्सा धौलपुर जिले में आता है। इस परियोजना में 127 पुलिया और कई बाइपास जैसे सरमथुरा, बाड़ी, आंगई, बड़ागांव और वन्यजीव अभयारण्य भी बनाए गए हैं। इस परियोजना 261 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे।
जनवरी में बदलेगी सर्विस रोडों की हालत
एनएच 44 स्थित सर्विस रोडों की हालत सुधारने जा रहा है। भारी मानसून के दौरान हाइवे के दोनों ओर स्थित सर्विस रोडों की हालत दयनीय हो चुकी है। जगह-जगह होते भारी गड्ढे और उनमें भरा पानी लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए चोटिल कर रहे हैं। जिनकी मरम्मत कराने के निर्देश प्रभारी मंत्री ने दिए थे। एनएचएआई ने बताया है कि 12 किमी सर्विस रोड के टेण्डर जारी किए जा चुके हैं। जनवरी माह से इन क्षतिग्रस्त सर्विस रोडों पर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
सदर स्थित पार्कों की सुधरेगी स्थिति
गत दिनों प्रभारी मंत्री ने एनएचएआई को सदर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर एचएचएआई के पार्कों की हालत सुधारने के निर्देश दिए हैं। जहां रख-रखाव की कमी, पानी की कमी और टूटे-फूटे उपकरणों के कारण वे इस्तेमाल न हो पाने की स्थिति में हैं स्थानीय लोगों ने पार्कों की दुर्दशा पर चिंता जताई है, क्योंकि वे मनोरंजन और टहलने की जगहों की कमी को महसूस करते हैं। जिसको लेकर अथॉरिटी जल्द ही इन पार्कों का सुदृढ़ीकरण करने जा रहा है।
- धौलपुर स्थित निभी के ताल से आने वाली समस्या को दूर करने 120 मीटर का फोर लेन ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। जिसका प्रस्ताव पास हो चुका है और टेण्डर प्रक्रिया जल्द की जाएंगी। हाइवे को फोर लेन करने का मामला प्राइटी में हो सकता है, लेकिन अभी तक यह फाइनल नहीं हुआ है।
- भारत जौहिया, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई 11बी (दौसा)