धौलपुर

Dholpur: कार्यशाला में पार्षदों ने वार्ड के मुद्दे और प्राथमिकताओं को जाना

राजस्थान पत्रिका की ओर से नगर परिषद कार्यालय में नवनिर्वाचित पार्षदों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नव निर्वाचित पार्षदों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, निकाय किस तरह कार्य करती है, उनके अधिकार, वित्तीय सीमाएं, विकास प्रबंधन की तकनीकी बारीकियां, स्वायत्त शासन प्रणाली और जमीनी स्तर पर कैसे बेहतर कार्य हो, इससे उन्हें अवगत कराना रहा।
3 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 7:11 PM IST
dholpur news
कार्यशाला में मौजूद सभापति एवं नवनिर्वाचित पार्षद

धौलपुर. शहरी निकायों के चुनाव संपन्न होने के बाद शहरी सरकार ने शहर के विकास, जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण, पारदर्शी समाधान और जनतंत्र और आम व्यक्ति की आवाज नगर परिषद बोर्ड तक पहुंचाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई। जनसरोकार अभियान ‘सेवा का संकल्प’ के तहत राजस्थान पत्रिका की ओर से नगर परिषद कार्यालय में नवनिर्वाचित पार्षदों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम नगर परिषद कार्यालय के सभापति कक्ष में हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नव निर्वाचित पार्षदों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, निकाय किस तरह कार्य करती है, उनके अधिकार, वित्तीय सीमाएं, विकास प्रबंधन की तकनीकी बारीकियां, स्वायत्त शासन प्रणाली और जमीनी स्तर पर कैसे बेहतर कार्य हो, इससे उन्हें अवगत कराना रहा। आगामी पांच सालों तक वह वार्ड के जनप्रतिनिधि के रूप में बोर्ड में अपने वार्ड के मुद्दे रखने और आमजन की समस्याओं का समाधान किस तरह हो, इसको लेकर वरिष्ठ पार्षद और सीनियर अधिवक्ता अतुल भार्गव, आयुक्त विष्णु परमार और सभापति गिरीश कुमार गर्ग ने कार्य के अनुभव और आगामी दिनों में किस तरह बोर्ड कार्य करेगा और बजट की समस्या का निदान कैसे हो और नगर परिषद कैसे अपना टैक्स कलेक्शन बढ़ाए, जिससे शहरी क्षेत्र में बेहतर कार्य हो सके और अन्य विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यशाला के दौरान पहली दफा पार्षद चुने गए युवाओं पार्षदों के कई सवाल थे, जिन्हें आपसी संवाद के जरिए उनके निस्तारण की प्रक्रिया और किस तरह कार्य होगा, इस पर विशेषज्ञ और अधिकारियों ने जवाब दिए। सभापति गिरीश कुमार ने कहा कि शहर में जो भी कार्य होंगे वह पार्षदों से सहमति और बोर्ड में चर्चा के उपरांत होंगे। कहा कि शहर विस्तार ले रहा है जिस पर हाल में एक-दो पार्किंग भी शुरू की है और जल्द संतर रोड और चौपाटी वाली जगह पर भी पार्किंग शुरू होगी, जिससे यहां बाजार में आने वाले वाहन खड़े हो सकेंगे। सफाई व्यवस्था के लिए अगर समय पर भर्ती हो गई तो करीब 340 नए सफाई कर्मी मिलेंगे, जिससे और बेहतर कार्य होगा। बताया कि सफाई और सीवरेज कार्य के लिए दो नई मशीन आने वाली हैं, जिससे और तेजी से कार्य होगा। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के प्रस्ताव को डीएलबी से हरी झंडी करीब करीब मिल चुकी है, जल्द इसको शुरू करवाया जाएगा। सभापति ने कहा कि सीवरेज बड़ी समस्या है, जिस पर इंजीनियर लगे हैं, समस्या का हल निकालने का प्रयास हो रहा है। बजट की कमी से फिलहाल अधिक कार्य संभव नहीं है, लेकिन प्राथमिकता के अनुसार कार्य हो रहे हैं।

टैक्स वसूली पर कोई सिफारिश नहीं, देना ही होगा...

कार्यशाला के दौरान सभापति गर्ग ने बताया कि नगर परिषद की आर्थिक स्थिति खराब है, इसको वापस पटरी पर लाने के लिए यूडी टैक्स कलेक्शन पर अधिकारी कार्य कर रहे हैं। अगर आप कमाई कर रहे हैं तो जो भी टैक्स है तो उसे भरना ही होगा। इस पर वह किसी तरह की सिफारिश नहीं सुनेंगे। विकास कार्यों के लिए भी बजट चाहिए। सरकार का कहना है कि यूडी टैक्स अधिक से अधिक जमा करेंगे तो वह सरकार भी अपनी तरह से मदद करेगी। 2007 से टैक्स बकाया चल रहा है। वर्तमान में मैरिज होम, होटल संचालकों से टैक्स वसूला जा रहा है। इसके बाद स्कूल, पेट्रोप पंप और अन्य व्यावसायिक कार्य करने वालों से भी टैक्स वसूली हो। अंत में आवासीय कॉलोनियों पर जो यूडी टैक्स बनता है, वह भी लिया जाएगा। सभापति ने कहा कि सरकार से आगामी बजट में अधिक से अधिक बजट लाने का प्रयास होगा। जिससे सौन्दर्यीकरण जैसे कार्य भी हो सकेंगे। अभी भारी बजट जलभराव, सीवरेज, सीसी सडक़, नाला निर्माण कार्य और वेतन पर हो रहा खर्च।

40 डस्टबिन तैयार, 200 की खरीद...

पार्षदों ने कहा कि शहर में कचरा उठाव और घर-घर कचरा संग्रहण पर ध्यान देना होगा। जिस पर आयुक्त परमार ने कहा कि मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अपनी टीम के साथ लगातार फोकस कर रहे हैं। रात्रि में बाजार में सफाई कार्य की व्यवस्था शुरू हुई है। सभापति ने कहा कि कबाड़ा हो चुके करीब 40 डस्टबिनों को तैयार किया है और करीब 200 नए डस्टबिन कुछ दिन में आए जाएंगे, जिन्हें शहर में मुख्य स्थान, बाजार और चौराहों पर रखा जाएगा, जिससे गंदगी इधर-उधर न फेंके। साथ ही बड़ी फर्म को घर-घर कचरा संग्रहण के लिए आमांत्रित कर रहे हैं जिससे बड़े शहरों की तर्ज पर सफाई व्यवस्था हो।

वार्ड में कार्य के भुगतान से पहले जांच हो...

बोर्ड के युवा पार्षद सद्दाम, महेन्द्र, इमरान कुरैशी व रिहाना खान ने कहा कि वार्ड में हुए कार्यों के भुगतान से पहले वार्ड पार्षद के साथ अधिकारी और इंजीनियरों की टीम जायजा लें और कमी है तो पहले दुरुस्त हो। ऐसा न हो कि बिना बताए भुगतान हो जाए, जिससे वार्डवासी भी परेशान रहे और सडक़ हो या अन्य कार्य तीन-चार माह बाद फिर उखड़ जाए। युवाओं पार्षदों ने कहा कि हम किसी को दोषी नहीं ठहरा रहे कि केवल मजबूत और टिकाऊ कार्य होना चािहए, जिससे वह लम्बी अवधि तक चले। और लोग भी खुश रहें।

संकल्प लेकर किए हस्ताक्षर...

कार्यशाला के अंत में पार्षदों ने सफेद बैनर पर अपने हस्ताक्षर करते हुए बेहतर कार्य कराने और आमजन की समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिया। कार्यशाला में पार्षद भूप सिंह, विष्णु महावर, रिहाना खान, पूरन रजौरिया, सरोज जादौन, राजेश्वरी देवी, इमरान कुरैशी, अािमर ने भी अपने सुझाव दिए।

Updated on:
28 Oct 2026, 7:11 PM IST
Published on: