धौलपुर

धौलपुर डिपो को मिलेंगी दस नवीन अत्याधुनिक बसें

परिवहन निगम यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रोडवेज बेड़े में नई बसें शामिल करने जा रहा है। धौलपुर डिपो को 10 नई और आधुनिक बसें मिल रही हैं, जिससे यात्रियों का सफर अधिक सुगम और सुरक्षित हो सके, सबसे बड़ी बात यह है कि इन 10 बसों में दो बस वातानुकूलित के साथ अत्याधुनिक होंगी।
2 min read
Dholpur news
रोडवेज बस स्टैंड धौलपुर

धौलपुर. राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम धौलपुर डिपो के कायाकल्प पर कार्य कर रहा है। गत वर्ष जहां यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए बस स्टेण्ड का कायाकल्प कर पांच नवीन बसों का संचालन प्रारंभ किया गया था तो वहीं जल्द ही डिपो को दस नई अत्याधुनिक बसें भी मिलने वाली हैं। इन बसों में से दो बस वातानुकूलित होंगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इन बसों का संचालन जयपुर-दिल्ली-खाटुश्याम रूट पर किया जाएगा।

धौलपुर डिपो के बेड़े में लगभग 60 रोडवेज बसें हैं। जिनका संचालन ग्रामीण इलाकों से लेकर जयपुर, दिल्ली सहित अन्य प्रांतों में भी किया जाता है। इनमें प्रतिदिन लगभग जो प्रतिदिन लगभग चार से पांच हजार यात्री अपने गंतव्य के लिए सफर करते हैं। राजस्थान परिवहन निगम यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रोडवेज बेड़े में नई बसें शामिल करने जा रहा है। बजट घोषणाओं और बेड़े के नवीनीकरण के तहत धौलपुर डिपो को यह 10 नई और आधुनिक बसें मिल रही हैं, जिससे यात्रियों का सफर अधिक सुगम और सुरक्षित हो सके, सबसे बड़ी बात यह है कि इन 10 बसों में दो बस वातानुकूलित के साथ अत्याधुनिक होंगी। ज्ञात हो कि गत वर्ष भी धौलपुर डिपो को 5 आधुनिक बस मिल चुकी हैं और अब जल्द ही 10 नई बसें मिलने से डिपो की बसों बेड़े की संख्या 70 तक पहुंच जाएंगी, जिससे जिन रूटों पर बसों का संचालन कम हो रहा है उन पर बसों का आवागमन आसानी हो सकेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच होगी आसान

धौलपुर डिपो को नई बसें मिलने के बाद इसका फायदा यात्रियों सहित उन क्षेत्रों को होगा जहां अभी बसों के संचालन की सीमित संख्या है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोडवेज की बेहतर सेवाओं को पहुंचाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। अब ग्रामीण क्षेत्र की जनता को दिल्ली तक जाने में कोई परेशानी नहीं होगी। काफी समय से दिल्ली सरकार ने पुरानी बसों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। जिसके बाद अब विभाग को बीएस-6 मॉडल की बस मिल गई हैं। ये बसें मिलने से प्रतिदिन सुबह से इनका संचालन शुरू हो जाएगा।

नवीन बसों में यह होंगी सुविधाएं

यह बसों में यात्रियों की सुरक्षा के साथ अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखा गया है। इन नई बसों में जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरे, एलइडी डेस्टिनेशन बोर्ड और पैनिक बटन जैसी अत्याधुनिक तकनीक शामिल है। तो वहीं सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक महिला यात्री की सीट के पास एक पैनिक बटन दिया गया है, जिससे आपातकालीन स्थिति में यात्रियों को जल्द से जल्द मदद ली जा सकती है। नई बस सेवाएं दिल्ली के लिए शुरु की गई है। उनसे लगभग 38 से अधिक गांवों को इसका लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को सीधे दिल्ली के लिए बस मिल जाएगी। इन बसों को कस्बा सहित आसपास गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

धौलपुर बस स्टेण्ड का हुआ कायाकल्प

धौलपुर रोडवेज कार्यालय, बस स्टैण्ड सहित वर्कशॉप का संचालन हाइवे किनारे ही किया जा रहा है। जहां जगह की कमी के कारण यात्रियों सहित डिपो कर्मियों तो को उठानी पड़ रही थी। जिसको ध्यान में रखते हुए डिपो के बुनियादी ढांचे को भी अपग्रेड किया गया है। धौलपुर केंद्रीय बस स्टैंड के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 1.20 करोड़ रुपए की लागत से कार्य किए गए। ताकि एक साथ ज्यादा बसों की आवाजाही हो सके और यात्रियों को धक्का-मुक्की का सामना न करना पड़े और उन्हें बस स्टैण्ड आने पर सहूलित भी मिल सके।

Updated on:
22 Jul 2026 06:57 pm
Published on:
22 Jul 2026 06:57 pm