
Dholpur, राजाखेड़ा, चंबल लिफ्ट परियोजना के कार्य में देरी के बाद तुरंत पूरा करने और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राजाखेड़ा क्षेत्र के जागरूक युवाओं एवं किसान हितैषी नागरिकों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में परियोजना की प्रगति सार्वजनिक करने, कार्य पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित करने तथा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और खेत तक पानी पहुंचाने की प्रभावी योजना बनाने की मांग उठाई गई है।ज्ञापन में कहा गया है कि राजाखेड़ा क्षेत्र कृषि पर निर्भर है और यहां के किसानों के लिए सिंचाई का पानी अत्यंत महत्वपूर्ण है। चंबल लिफ्ट परियोजना से क्षेत्र के किसानों को बड़ी उम्मीदें हैं, लेकिन परियोजना के कार्य में देरी और पानी पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आना आवश्यक है। मांग की गई कि परियोजना को केवल घोषणाओं तक सीमित न रखकर धरातल पर किसानों को इसका लाभ दिलाया जाए।
आठ प्रमुख मांगों पर कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में परियोजना में हो रही देरी के कारणों को सार्वजनिक करने, कार्य पूरा करने की निश्चित समय-सीमा घोषित करने तथा प्रत्येक गांव और खेत तक पानी पहुंचाने की योजना तैयार करने की मांग की गई है। इसके साथ ही परियोजना के अंतिम छोर पर स्थित गांवों को प्राथमिकता देने, बजट और निर्माण कार्यों की स्थिति स्पष्ट करने तथा किसानों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने की बात कही गई है।ज्ञापन में परियोजना की निगरानी के लिए जवाबदेही तय करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी शामिल है, ताकि किसानों को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके और कार्य में अनावश्यक देरी होने पर जिम्मेदारी निर्धारित की जा सके।
अंतिम छोर के गांवों तक पानी पहुंचाने पर जोर
ज्ञापन में विशेष रूप से कहा गया है कि परियोजना का लाभ केवल मुख्य नहर अथवा शुरुआती क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राजाखेड़ा क्षेत्र के दूरस्थ और अंतिम छोर पर स्थित गांवों के किसानों तक भी सिंचाई का पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए वितरण तंत्र और जलापूर्ति की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने की मांग की गई है।ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि उठाए गए बिंदुओं पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई कराई जाए, जिससे राजाखेड़ा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके और कृषि विकास को गति मिले।ज्ञापन में नारा दिया गया कि हर गांव तक पानी,हर खेत तक सिंचाई,राजाखेड़ा के किसानों की यही है मांग हमारी।