शहर में मचकुण्ड रोड स्थित आईटीआई के वन भूमि से अवैध रूप से निकाली जा रही मिट्टी की शिकायत पर सोमवार को उपखण्ड प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। टीम को देख मिट्टी ढोने में लगे तीन-चार ट्रेक्टर-ट्रॉलियों के चालक भाग निकले।
- मौके से एक ट्रेक्टर-ट्रॉली और जेसीबी की जब्त
- सूचना के बाद भी खनिज विभाग की नहीं पहुंची टीम
धौलपुर. शहर में मचकुण्ड रोड स्थित आईटीआई के वन भूमि से अवैध रूप से निकाली जा रही मिट्टी की शिकायत पर सोमवार को उपखण्ड प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। टीम को देख मिट्टी ढोने में लगे तीन-चार ट्रेक्टर-ट्रॉलियों के चालक भाग निकले। जबकि एक ट्रेक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन को जब्त किया है। उधर, कार्रवाई की पूर्व सूचना के बाद भी खनिज विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। घटना को लेकर एसडीएम डॉ.साधना शर्मा ने विभागीय अधिकारी से नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि आईटीआई के पीछे स्थित सरकारी भूमि से कई दिनों से जमकर अवैध रूप से मिट्टी निकाली जा रही थी। इसकी शिकायत एसडीएम डॉ.शर्मा को मिली। जिस पर उन्होंने सोमवार को तहसीलदार अल्का श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम जांच को भेजी। टीम के पहुंचने पर मिट्टी भर कर ले जा रहे तीन-चार ट्रेक्टर-ट्रॉली चालक मौके से भाग निकले। जबकि एक ट्रेक्टर-ट्रॉली और जेसीबी को टीम ने कब्जे में ले लिया। एसडीएम डॉ.शर्मा ने बताया कि टीम से मामले में रिपोर्ट मांगी है, उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जिसकी मर्जी आई वो उठा रहा मिट्टी
शहर समेत जिले में कई स्थानों पर पिछले दिनों कुछ लोगों की ओर से अपने हिसाब से मिट्टी उठाकर बेची जा रही है। खास बात ये है कि वन और खनिज विभाग के मामले में कार्रवाई नहीं करने से इनकी मिलीभगत का आरोप लग रहा है। इससे पहले भी ग्वालियर रेलवे लाइन के अतिरिक्त ट्रेक बिछाने के लिए बीहड़ से जमकर मिट्टी उठा ली। वहीं, बाड़ी रोड पर भी एक फर्म ने तय स्थान को छोडक़र अन्य जगह से मिट्टी उठाना सामने आया।