
Dholpur, सरमथुरा.शहरी सेवा शिविरों में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ सरकार के दावे फेल हो रहे हैं। विकास के दावों के बीच सरमथुरा कस्बे की हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। सडक़ों पर फैले अंधेरे से पालिका के कार्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी तरह व्यवस्था रही तो शुरू हुई मानसूनी सीजन में आमजन के परेशान होने की आशंका बनी हुई है।
उधर, पालिका ईओ ने कहा कि संवेदक को रोशनी व्यवस्था दुरस्त के लिए दो दफा नोटिस दिया जा चुका है। व्यवस्था नहीं सुधरी तो कार्रवाई होगी।कस्बे के करौली बस स्टैंड, महावीर पेट्रोल पंप, बाड़ी रोड सहित कई प्रमुख मार्ग और मोहल्ले रात होते ही अंधेरे में डूब जाते हैं। नगर पालिका ने गलियों व मुख्य सडक़ों पर करोड़ों की राशि खर्च कर स्ट्रीट लाइट व हाइमास्ट लाइटें लगाने के बावजूद लोगों को सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि पालिका ने 80 हजार रुपए प्रतिमाह मेंटेनेंस पर खर्च करने के बाद भी सुधार नहीं है।
अंधेरे में जानवरों के हमले की आशंका
शहर में आलम यह है कि सडक़ों पर अंधेरा होने के साथ ही सियार, जरख और निराश्रित श्वानों सहित निराश्रित गोवंश का जमावड़ा लगा हुआ है। अंधेरे के कारण सडक़ों पर महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चों का रात्रि में घूमना मुश्किल हो गया है। विडंबना यह है कि जहां एक ओर अधिकांश स्ट्रीट लाइटें महीनों से बंद पड़ी हैं। वहीं दूसरी ओर कई लाइटें दिन-रात लगातार जल रही हैं। इससे बिजली की बर्बादी हो रही है, वहीं पालिका को हर माह नुकसान उठाना पड़ रहा है। फिर भी पालिका प्रशासन समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा।
पूर्व पार्षद प्रतिनिधि योगेश जादौन ने पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण शहर में विकास की योजनाएं विफल हैं। शहर में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। प्रतिमाह 80 हजार रुपए खर्च करने के बावजूद लोगों को सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। कहा कि यदि अंधेरे के कारण कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था को सुधारने की मांग की है।
बाड़ी रोड की नहीं सुधरी स्ट्रीट लाइट
पालिका ने निजी फर्म को मटेरियल के साथ मेंटेनेंस का ठेका दिया हुआ है। अब ना तो खराब पड़ी लाइटों की रिपेयरिंग हो हरी है और न ही मेंटेनेंस की जा रही है। कस्बे में कस्बा के बाड़ी रोड पर एक माह बाद भी स्ट्रीट लाइटें शुरू नहीं हुई हैं वहीं करौली रोड स्थित माता मंदिर की हाइमास्ट व रोड लाइटें बंद पड़ी हैं। उधर, अंधेरा होने से रात्रि में कुछ लोग दो बार वारदात को अंजाम दे चुके हैं। रोशनी सही नहीं होने से पुलिस की भी चिंता बढ़ गई है।
शहर में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं करने पर ठेकेदार को दो बार नोटिस जारी किया गया है, फिर भी व्यवस्था नहीं सुधरी है तो अवश्य कार्रवाई की जाएगी।
-विमलेश मीणा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सरमथुरा