
Dholpur, बाड़ी. कंचनपुर थाना क्षेत्र के गांव कुहावनी में पशु चराने गए 16 वर्षीय किशोर की रविवार शाम अज्ञात जनों ने हत्या कर दी। प्रथम दृष्टया किशोर की पत्थर पटक पटक कर हत्या करने की आशंका है। घटना के बाद शव को प्लास्टिक के कट्टों से ढककर खेत में डाल कर भाग। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने घटना के सोमवार सुबह विरोध में जगनेर-बसेड़ी रोड स्टेट हाइवे को अवरुद्ध कर दिया और एसपी, कलक्टर को बुलाने की मांग की। मौके पर मौजूद एएसपी बाड़ी ने ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। करीब 13 घंटे के विरोध के बाद जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी और एसपी विकास सांगवान के बाड़ी पहुंचने पर मांगों पर सहमति बनी और विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ।
गांव कुहावनी निवासी अजय मीणा ने बताया कि उनके चाचा का लडक़ा 16 वर्षीय मनोज पुत्र मुन्नालाल मीणा निवासी सिंगारई गांव कुहावनी रविवार को दिन में 2 बजे भैंसों को चराने गया था। उसके पिता के घर पर गिरने से हाथ में फैक्चर हुआ था। जिनको उसकी मां और छोटा भाई धौलपुर ले गए थे। मनोज जब शाम 7 बजे तक घर नहीं पहुंचा और पशु लौट आए तो ग्रामीणों को शंका हुई। तलाश किया तो रात करीब 8 बजे बसेड़ी रोड टोल टैक्स के पास खेतों में शव पड़ा मिला। सूचना पर सदर थाना एसएचओ मोहर सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और रात में ही मौके पर एफ एसएल टीम को बुलाकर मौके से सबूत एकत्रित किए। गुस्साएं लोगों ने रात 11 बजे ही बसेड़ी मार्ग पर ट्रैक्टर, पत्थर और अन्य साधनों से जगनेर, भरतपुर, बसेड़ी, बाड़ी मार्ग को पूर्ण रूप से अवरुद्ध कर जाम लगा दिया। सोमवार को प्रदर्शन जारी होने और ग्रामीणों ने अडऩे पर डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे समझाइश की और निश्पक्ष जांच का भरोसा दिया। जिस पर विरोध प्रदर्शन खत्म समाप्त हुआ। मृतक के शव को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी लाया गया है। जहां पंचनामे के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई और शव परिजनों को सौंपा गया। करीब 13 घंटे बाद जाम खुला।
वहीं, सोमवार को घटनास्थल के मौके पर पूर्व विधायक गिर्राज मलिंगा ने भी गांव पहुंच कर परिजनों और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। परिजनों को हर संभव सहयोग की मांग की। इस दौरान कांग्रेस नेता रामवीर पोसवाल के साथ अजय मीणा ने गांव पहुंच कर घटनाक्रम पर विरोध व्यक्त किया।
ग्रामीणों से वार्ता के बाद उठाया शव
वार्ता में सरपंच एवं आदिवासी समाज से जुड़े रामलखन मीणा, मीणा समाज के जिलाध्यक्ष सरपंच किशन सिंह मीणा, पूर्व सरपंच हलुका मीणा, बच्चू सिंह, सरपंच केदार मीणा और मृतक के परिवारीजन वार्ता में शामिल हुए। इस दौरान मांग की गई कि मृतक का परिवार गरीब है। उन्हें जो भी नियमानुसार आर्थिक सहायता मिल सके उसे दिलाया जाए। परिवार के एक सदस्य को संविदा की नौकरी मिले, मृतक की बहन की शादी में आर्थिक मदद दी जाए और परिवार को पक्का घर मिले और घटनाक्रम का जल्द से जल्द खुलासा हो। जो भी इस षड्यंत्र में शामिल है। उन पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। डीएम ने आश्वस्त किया कि 10 दिन के अंदर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा, परिवार के लोगों ने जो भी मांग रखी हैं, उन पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही आर्थिक सहायता के साथ संविदा की नौकरी और अन्य मामले में कार्रवाई की जाएगी।