डूंगरपुर

मृत दादी के बैंक अकाउंट में डालता था फर्जीवाड़े की रकम, डूंगरपुर में लाखों की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

डूंगरपुर साइबर थाना पुलिस ने एस्कोर्ट सर्विस के नाम पर ठगी करने वाले पंकज पाटीदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मोबाइल और 13 हजार 500 नकद जब्त किए। जांच में आरोपी के खातों से 20 लाख 65 हजार 875 रुपए के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ।
2 min read
• •
Sep 28, 2026
dungarpur cyber crime
साइबर थानाधिकारी, मुकेश कुमार (पत्रिका फोटो)

Dungarpur Cyber Crime: डूंगरपुर जिले की साइबर थाना पुलिस ने एस्कोर्ट सर्विस के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जसपुर झापका (दोवड़ा) निवासी पंकज पुत्र परतू पाटीदार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से साइबर ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और 13 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी के बैंक खाते में करीब 20.65 लाख रुपए के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।

साइबर थानाधिकारी, डूंगरपुर मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और केवाईसी दस्तावेजों की जांच कर रही थी। इस दौरान पंकज पाटीदार के बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन सामने आया। जांच में पता चला कि खाते का संचालन आरोपी खुद कर रहा था और साइबर ठगी से जुड़ी रकम का लेन-देन इसी खाते के माध्यम से किया जा रहा था। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी एस्कोर्ट सर्विस के नाम पर करता था ठगी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी एस्कोर्ट सर्विस उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे रकम ऑनलाइन ट्रांसफर करवाता था। पुलिस के अनुसार, ठगी से प्राप्त रकम को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी अपनी मृत दादी के बैंक खाते का भी इस्तेमाल करता था। खाते में रकम आने के बाद उसे निकालकर अपने खर्च और शौक पूरे करता था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच और बैंक खातों के विश्लेषण में आरोपी के खातों से अब तक 20 लाख 65 हजार 875 रुपए के लेन-देन का पता चला है। पुलिस आरोपी से ठगी की अन्य वारदातों और रकम के संबंध में पूछताछ कर रही है।

साल 2023 से साइबर ठगी में लिप्त होने की जानकारी

साइबर थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी साल 2023 से साइबर ठगी में लिप्त होना सामने आया है। पुलिस अधीक्षक डूंगरपुर के निर्देश पर जयपुर मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे 'ऑपरेशन एंटी-वायरस' के तहत यह कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में साइबर थानाधिकारी मुकेश कुमार, एएसआई छत्तर सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार, विशाल और प्रवीण शामिल रहे।

Updated on:
28 Sept 2026 07:56 pm
Published on:
28 Sept 2026 07:56 pm