
Dungarpur UP Zila Pramukh : डूंगरपुर. जिला परिषद के उप जिला प्रमुख चुनाव में बीएपी की मंजुला रोत ने एक वोट से जीत दर्ज की। चुनाव के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मतदान प्रक्रिया के बीच बीएपी सदस्यों के साथ कांग्रेस के एक जिला परिषद सदस्य के निर्वाचन प्रमाण पत्र के बिना पहुंचने पर भाजपा नेताओं और सदस्यों ने आपत्ति जताई। भाजपा ने पुलिस और प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। हालांकि कांग्रेस के जिला परिषद सदस्यों ने उप जिला प्रमुख के चुनाव में मतदान नहीं किया। उप जिला प्रमुख के मतदान के लिए शाम करीब साढ़े चार बजे बीएपी के सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के निठाउवा वार्ड-29 से जिला परिषद सदस्य कन्हैयालाल भी मौजूद थे। इस पर भाजपा नेताओं और सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा नेताओं का आरोप था कि संबंधित कांग्रेस सदस्य बिना निर्वाचन प्रमाण पत्र के कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक रणोली के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और सदस्यों ने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और भेदभाव का आरोप लगाया। भाजपा ने प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। वहीं, विवाद को लेकर बीएपी सांसद राजकुमार रोत ने भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बीएपी की जीत से बौखलाए हुए हैं, इसलिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। सांसद ने कहा कि संबंधित कांग्रेस सदस्य निर्वाचन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार और अपनी स्वेच्छा से मतदान के लिए पहुंचा था।
उप जिला प्रमुख पद के लिए बीएपी की मंजुला रोत और भाजपा के हितेश रावल ने नामांकन दाखिल किया था। शाम करीब 4 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक रणोली के नेतृत्व में 14 जिला परिषद सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे और मतदान किया। इसके बाद बीएपी के कांतिलाल रोत और सांसद राजकुमार रोत के नेतृत्व में 14 सदस्य तथा एक कांग्रेस सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। कांग्रेस के आठ सदस्यों ने चुनाव में मतदान नहीं किया। शाम पांच बजे बाद निर्वाचन अधिकारी देशलदान के निर्देशन में मतगणना हुई। इसमें बीएपी प्रत्याशी मंजुला रोत को 15 और भाजपा प्रत्याशी हितेश रावल को 14 मत मिले। एक वोट के अंतर से मंजुला रोत विजयी रहीं। निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें उप जिला प्रमुख घोषित कर शपथ दिलाई।
मतगणना के बाद कलेक्ट्रेट के बाहर बीएपी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रमुख अनुतोष रोत और नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख मंजुला रोत का स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बीएपी सांसद राजकुमार रोत को जिला कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश दिया गया, जबकि भाजपा विधायक शंकरलाल डेजा और जिलाध्यक्ष अशोक रणोली को अंदर जाने से रोका गया। इसे लेकर भाजपा ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि कांग्रेस सदस्य के पास प्रमाण पत्र नही होने की आप्पती जिला कलक्ट्रेट तक पहुंचाने के लिए भाजपा के जिला परिषद सदस्यों को भी कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने से मना कर दिया गया।
राजस्थान में प्रधान पद के लिए 27 नवंबर को सुबह 10 बजे निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11.30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा और निर्वाचित प्रधान को शपथ दिलाई जाएगी।
जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों में महिला शक्ति, युवा नेतृत्व और सियासी उलटफेर की दिलचस्प तस्वीर सामने आई। प्रदेश के 37 जिलों में 26 की कमान महिलाओं के हाथों में आई। जैसलमेर में महज 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनीं, वहीं दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में महिला प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई। कहीं बहुमत के बावजूद पार्टियों को हार का सामना करना पड़ा तो कहीं एक वोट ने जीत-हार का फैसला कर दिया। डूंगरपुर और डीडवाना-कुचामन में बराबरी के बाद लॉटरी से जिला प्रमुख चुने गए। निर्दलीयों की भूमिका और क्रॉस वोटिंग के आरोपों ने भी कई जगह चुनावी गणित को रोचक बनाया। इन नतीजों ने ग्रामीण राजनीति में नए चेहरों और बदलते सियासी समीकरणों की झलक दिखाई। प्रदेश में 37 जिलों में कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10, बीएपी ने 2 और 1 जिले में आरएलपी ने प्रमुख पद पर कब्जा किया।