कोटा

सावधान! आपके पास भी आ सकता है फर्जी कॉल, एसबीआई मर्जर के बाद ऑनलाइन बैंकिंग ठग सक्रिय

फर्जी कॉल कर उपभोक्ताओं से जुटाते है गुप्त जानकारी
2 min read
• •
Updated: 3 Apr 2017, 9:57 PM IST
Online Banking Smugglers Activated After SBI Merge
Online Banking Smugglers Activated After SBI Merger

बैंकों की विलय के बाद एक बार फिर ऑनलाइन बैकिंग ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। खुद को बैंक अधिकारी बताकर एसबीबीजे के एसबीआई में मर्ज होने का तर्क देते हुए उपभोक्ताओं से जानकारियां जुटाने के प्रयास हो रहे हैं, जबकि बैंक ऐसी कोई जानकारी नहीं मांग रहा है।

दरअसल एक अप्रेल से स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एण्ड जयपुर भारतीय स्टेट बैंक मेें मर्ज हो गई है। इसे लेकर एसबीबीजे का बैनर हटाकर एसबीआई का लगाया जा रहा है। इस परिवर्तन का फायदा उठाकर ठग गिरोह सक्रिय हो गए हैं। बैंक अधिकारियों की मानें, तो कई ग्राहक बैंकों में पहुंच रहे हैं। वह बता रहे हैं कि उनके बाद विभिन्न तरह की जानकारी मांगने संबधित कॉल आ रही है।

पहले हुई कई वारदातें..


मोबाइल फोन पर भोले-भाले उपभोक्ताओं को गुमराह करने के लिए कई बार शातिर अपराधी कॉल कर एटीएम पासवर्ड-पिन नम्बर आदि जुटा लेते हंै और ऑनलाइन ही खातों से राशि उड़ा लेते हंै। ऐसे कई मामले शहर सहित जिलेभर में सामने आ चुके हैं। हालांकि आज तक एक भी वारदात का खुलासा नहीं हुआ।

यह जानकारी किसी को नहीं दें


एसबीआई बैंक अधिकारी दिनेश शाह बताते हैं कि बैंक अधिकारी के नाम से कॉल आता है, तो कोई भी जानकारी कभी किसी को नहीं दें। बैंक संबंधित कोई कार्य है, तो सीधे बैंक की नजदीकी शाखा में जाकर शाखा प्रबंधक या सक्षम अधिकारी से संपर्क करें।

-बैंक खाता संख्या
-खाताधारक का नाम
-एटीएम कार्ड पर मुद्रित 16 अंक
-एटीएम कार्ड के पीछे दिए चार गोपनीय अंक
-एटीएम पासवर्ड
-बैंक एफडी या पॉलिसी के क्रमांक, नॉमिनी
-खाते में शेष राशि संबंधित राशि आदि किसी को भी भुलकर नहीं बताएं

...जब जाएं एटीएम


एटीएम कार्ड से राशि निकालने के दौरान बहुत अधिक सतर्कता बरतनी जरूरी है। यहां राशि निकालने के दौरान पास में कोई व्यक्ति खड़ा हो तो उसे बाहर निकलने के लिए कहें। एटीएम कार्ड किसी को नहीं दें और न ही उसका पासवर्ड किसी को बताएं। राशि निकालने के दौरान राशि निकलने के बाद मशीन पर एक्सिट का बटन अवश्य दबाएं। पूरी प्रक्रिया से बाहर निकलने के बाद ही एटीएम परिसर छोड़ें।

सावचेत रहें उपभोक्ता


हमारी बैंक एसबीआई में मर्ज हो गई है। बैंक के पास उपभोक्ताओं की सारी जानकारियां हैं, ऐसे में कभी भी फोन पर जानकारी नहीं मांगी जाती है। ऐसे लोगों से सावधान रहें। बैंक मर्ज हुई है, पर सारी स्थितियां यथावत हंै। ग्राहक फर्जी कॉल के झांसे में नहीं आएं।

पीके सिन्हा, शाखा प्रबंधक, एसबीआई (एसबीबीजे), न्यू कॉलोनी

Published on: