CUET UG 2025 में परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव किया गया है। अब सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे। पिछली बार की तरह वैकल्पिक प्रश्नों की सुविधा इस बार नहीं दी गई है। पहले छात्रों को 50 में से 40 प्रश्न हल करने होते थे, जबकि...
National Testing Agency (NTA) ने 8 मई को प्रस्तावित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) अंडरग्रेजुएट 2025 परीक्षा को स्थगित कर दिया है। अब यह परीक्षा 13 मई से शुरू होगी। उम्मीदवारों को 7 मई को एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी की जाएगी, जिसे वे NTA की आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in से डाउनलोड कर सकेंगे।
दरअसल, परीक्षा टलने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थीं क्योंकि परीक्षा के दो दिन पहले तक विषयवार शेड्यूल, परीक्षा शहर की जानकारी और एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए थे। हाल ही में NEET UG परीक्षा आयोजित करने के बाद, NTA को CUET की तैयारियों के लिए कुछ अतिरिक्त समय की आवश्यकता बताई जा रही है।
इस साल CUET UG के माध्यम से देश के 300 से अधिक विश्वविद्यालयों यूजी कोर्सों में प्रवेश दिया जाएगा, जिनमें दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), जामिया मिलिया इस्लामिया, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) और इलाहाबाद विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख केंद्रीय विश्वविद्यालय शामिल हैं।
CUET UG 2025 में परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव किया गया है। अब सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे। पिछली बार की तरह वैकल्पिक प्रश्नों की सुविधा इस बार नहीं दी गई है। पहले छात्रों को 50 में से 40 प्रश्न हल करने होते थे, जबकि जनरल टेस्ट में 60 में से 50 प्रश्न हल करने का विकल्प होता था। अब हर पेपर में 50 प्रश्न होंगे और सभी का उत्तर देना अनिवार्य होगा। परीक्षा की अवधि को भी समान रूप से 60 मिनट निर्धारित किया गया है। पहले यह समय कुछ पेपरों के लिए 45 मिनट और कुछ के लिए 60 मिनट होता था। प्रत्येक सही उत्तर पर 5 अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर के लिए 1 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।
वहीं CUET PG परीक्षा का परिणाम भी जारी कर दिया गया है। यह परीक्षा 13 मार्च से 1 अप्रैल के बीच कम्प्यूटर आधारित मोड में आयोजित की गई थी। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट exams.nta.ac.in/CUET-PG पर देख सकते हैं।CUET PG परीक्षा देशभर में 13, 15, 16, 18, 19, 21, 30 मार्च और 1 अप्रैल को आयोजित हुई थी। परीक्षा कुल 157 विषयों में पीजी कोर्सों में प्रवेश के लिए कराई गई थी, जिसमें 4,12,024 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।